टीआरपी डेस्क। देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने तांडव मचा रखा है। प्रतिदिन कोरोना के नए मरीजों और कोविड से होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है। देश में हालत बेहद भयावह हो गए हैं। देश में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.79 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3645 से ज्यादा लोगों की संक्रमण से जान चली गई। राहत की बात ये है कि अब डेढ़ करोड़ से ज्यादा मरीज कोरोना को मात देने में कामयाब हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। 

डरा रहा कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा

स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार को जारी किए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,79,257 नए कोरोना मरीज मिल हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,83,76,524 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटों में 3645 लोगों ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,04,832 पहुंच गई। महामारी के दस्तक देने से लेकर अब तक एक दिन में पहली बार 3600 से अधिक लोगों की कोरोना से मौत हुई है।

राहत: डेढ़ करोड़ से ज्यादा मरीजों ने दी कोरोना को मात

स्वास्थ्य मंत्रालय मुताबिक, देश में कोरोना के सक्रिय मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटों में 2,69,507 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक 1,50,86,878 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बेहद कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 30,84,814 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।