बुधवार, 9 सितंबर 2026 बुध, 9 सित |
संस्करण:
Top Stories

Indian Meteorological Department Forecast : माउंट आबू में पारा शून्य डिग्री पर पहुंचा, कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी

नई दिल्ली/जयपुर/श्रीनगर। Indian Meteorological Department Forecast राजस्थान के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया है। दूसरी ओर कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी हुई।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान के बाकी इलाकों में भी अच्छी-खासी सर्दी पड़ रही है, वहीं अगले दो दिन में राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया है।

विभाग के अनुसार बीती रविवार माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में रात का न्यूनतम तापमान चूरू में 5.8 डिग्री, भीलवाड़ा में 7.0 डिग्री, पिलानी में 7.1 डिग्री, सीकर में 7.4 डिग्री, डबोक में 7.3 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 7.6 डिग्री, अजमेर में 9.2 डिग्री, गंगानगर में 9.4 डिग्री व सवाई माधोपुर में 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा।

कश्मीर में मौसम की पहली बर्फबारी

दूसरी ओर, कश्मीर के ज्यादातर मैदानी इलाकों में सोमवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। घाटी के ऊंचाई पर स्थित क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बर्फबारी हुई जिसके चलते घाटी को लद्दाख से जोड़ने वाला श्रीनगर-लेह मार्ग बंद हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और श्रीनगर-लेह मार्ग के सोनमर्ग-जोजिला अक्ष के ऊंचाई पर स्थित इलाकों के लिए ‘ऑरेंज’ चेतावनी जारी की जिसमें प्रशासन और लोगों से सतर्कता बरतने और तैयार रहने को कहा गया है।

विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू और सोनमर्ग-द्रास सेक्टर पर कुछ स्थानों पर, कश्मीर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई तथा कुछ स्थानों पर भारी बर्फबारी हुई। उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में रात के दौरान 4 इंच तक बर्फ गिरी, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में दस सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई।

स्काईमेट के मुताबिक देश के मैदानी इलाकों में सोमवार को यूपी का फुरसतगंज सबसे ठंडा इलाका रहा है। यहां तापमान 5.7 डिग्री रहा, राजस्थान का चूरू (5.8 डिग्री) दूसरे स्थान पर रहा, वहीं मप्र का दतिया (7 डिग्री) आठवें स्थान पर रहा।