बदमाशों
एक महिला को बचाने गए थानेदार की बदमाशों ने कर दी पिटाई

पलारी। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में एक थानेदार की पिटाई का मामला सामने आया है. दरअसल, सोमवार देर रात थानेदार को एक शिकायत मिली थी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे थे. यहां एक महिला को बचाने गए थानेदार की कुछ बदमाशों ने मिलकर पिटाई कर दी.

इतना ही नहीं बदमाशों ने गाड़ी में तोड़फोड़ करने के साथ ही थानेदार की रॉड और डंडों से पिटाई कर दी। इस घटना के बाद जब अगले दिन 5 आरोपियों को पकड़ा गया तो सभी कोरोना पॉजिटिव निकले। इसके बाद आरोपियों के कोरोना पॉजिटिव होने के चलते उन्हें कोविड सेंटर में भर्ती कराया गया, पर वहां से सभी फरार हो गए। पुलिस ने बुधवार सुबह पांचों को फिर पकड़ लिया है, वहीँ 3 अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11.30 बजे भटगांव थाना प्रभारी एचआर रात्रे को सूचना मिली कि सलौनीकला निवासी राधा देवांगन के घर में 7-8 लड़के रॉड और डंडा लेकर घुस आए हैं। वह मारपीट करने के साथ ही अभद्रता कर रहे हैं। इस पर थाना प्रभारी रात्रे अपने साथ एक सिपाही यदुनाथ को लेकर सरकारी गाड़ी से मौके पर पहुंचे। वहां महिला ने बताया कि पुलिस को आता देखकर बदमाश भाग निकले हैं।

रास्ते में हो गई गाड़ी पंक्चर, तभी टूट पड़े बदमाश

इस पर थाना प्रभारी रात्रे ने आरोपियों का पीछा शुरू किया तो रास्ते में गाड़ी पंक्चर हो गई। उन्होंने सिपाही को गाड़ी बनवाने थाने से सामान लेने भेज दिया। इतने में आरोपी फिर आ पहुंचे और थाना प्रभारी रात्रे के साथ खड़े युवक राज देवांगन की पिटाई शुरू कर दी। इस पर बीच बचाव कर रहे रात्रे पर सभी आरोपी टूट पड़े और रॉड व डंडे से उनकी पिटाई कर दी। वापस लौटे सिपाही को देख आरोपी भाग निकले। सिपाही ने ही प्रभारी को अस्पताल पहुंचाया।

कोविड सेंटर से आरोपी भाग निकले, जिन्हें सुबह फिर पकड़ा गया

थाना प्रभारी से मारपीट मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों उमेश पनका, प्रताप टंडन, अप्पू पनका, विशाल सतनामी, खड़क सतनामी, ननकू पनका सहित दो नाबालिगों के खिलाफ केस दर्ज किया। इनमें से नाबालिग सहित उमेश पनका, प्रताप टंडन व अप्पू पनका अगले दिन पकड़े गए। जांच में संक्रमित मिले तो पुलिस ने गोविंदबन बिलाईगढ़ के कोविड सेंटर में भर्ती कराया। वहां से देर रात फिर आरोपी भाग निकले, जिन्हें सुबह पकड़ा गया है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटर, टेलीग्राम और वॉट्सएप पर…

 

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।