टीआरपी डेस्क। केरल सरकार ने अपना विदेश सचिव नियुक्त करने की खबरों को गलत बताया है। एक मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है जिसमें कहा गया था कि राज्य सरकार ने अपना ‘विदेश सचिव’ नियुक्त कर दिया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि विदेशी मामले केंद्र सरकार का विषय होते हैं और राज्य सरकार ने ऐसा कोई कदम नहीं उठाया है। केरल के मुख्य सचिव डॉ. वी वीनू ने कहा कि ‘विदेश सचिव’ जैसी कोई पोस्ट राज्य में नहीं है और इस तरह की खबरें पूरी तरह से गलत हैं।

केरल के मुख्य सचिव डॉ. वी वीनू ने बयान जारी कर कहा कि राज्य में ‘विदेश सचिव’ जैसी कोई पोस्ट नहीं है। उन्होंने एक मीडिया रिपोर्ट को फेक न्यूज करार दिया जिसमें कहा गया था कि सरकार ने एक IAS अधिकारी को ‘विदेश सचिव’ नियुक्त किया है। डॉ. वीनू ने कहा कि सरकार के लोग यह अच्छी तरह जानते हैं कि विदेशी मामले केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और राज्य सरकार ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया है।

See also  Brijmohan Agrawal

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि यह खबर झूठी है। सच्चाई यह है कि राज्य सरकार ने कुछ समय पहले विदेशी एजेंसियों, बहुपक्षीय संस्थानों और दूतावासों के साथ व्यावसायिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक सहयोग के लिए बातचीत कॉर्डिनेट करने के मकसद से एक विभाग की स्थापना की थी। इस विभाग का उद्देश्य राज्य के विकास के लिए नए संबंध बनाना है, न कि कूटनीतिक संबंध स्थापित करना है।

मुख्य सचिव ने कहा कि आईएएस अधिकारी के वासुकी को इस विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पहले यह जिम्मेदारी प्रिंसिपल सेक्रेटरी सुमन बिल्ला के पास थी, जो अब केंद्र सरकार की सेवा में हैं। बता दें कि के वासुकी की नियुक्ति के बाद से ही इस बात को लेकर चर्चा तेज हो गई थी केरल सरकार ने अपना विदेश सचिव नियुक्त कर दिया है।

रंजना वर्मा पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया से जुड़ी अनुभवी न्यूज राइटर हैं। उन्होंने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की शिक्षा प्राप्त की है। रायपुर के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ और देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों के साथ राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लेखन किया है। समाचार लेखन के साथ SEO आधारित कंटेंट तैयार करने में भी उनकी अच्छी पकड़ है। सरल भाषा में तथ्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना उनकी लेखन शैली की प्रमुख विशेषता है।