टीआरपी। illegal plotting of land : रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्लों में जिन लोगों ने अवैध प्लाटिंग की है , या कर रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय नगर निगम नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग की सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में शहर के सुव्यवस्थित विकास, यातायात प्रबंधन, अतिक्रमण नियंत्रण, अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग तथा जनसुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि शहर में अवैध प्लॉटिंग के विरुद्ध सख्त और नियमित कार्रवाई की जाएगी। जो प्रकरण नियमानुसार नियमित किए जा सकते हैं, उनके प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर मुख्यालय भेजने तथा जो नियमितीकरण योग्य नहीं हैं, उनमें अवैध प्लॉटिंग की भूमि के प्रबंधन अधिग्रहण की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सभी जोन को व्यावसायिक भवनों, कॉम्प्लेक्स, मैरिज लॉन, मोटर गैराज, रेस्टोरेंट, कार शोरूम एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की जांच कर स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा गया। विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर हो रही अवैध पार्किंग पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

See also  यहां के राजा ने अपने वफादार कुत्ते को बनाया एयरफोर्स चीफ

बैठक में शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों जैसे पंडरी, गुढ़ियारी, अमापारा, सरोना, रायपुरा, शिवानंद नगर, दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र, मंगल बाजार, रविवार बाजार तथा अन्य स्थानीय बाजारों को सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया। सड़कों पर अतिक्रमण हटाने और यातायात बाधित न होने देने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों, अस्पतालों, पुलों, पार्कों एवं चौराहों के आसपास अवैध ठेले, मोबाइल वैन, वेंडिंग कार्ट, परित्यक्त वाहनों एवं अस्थायी अतिक्रमणों को तत्काल हटाने तथा पुनरावृत्ति रोकने के निर्देश दिए गए।

बैठक की अध्यक्षता नगरीय नियोजन एवं भवन अनुज्ञा विभाग के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने की। बैठक में सलाहकार समिति सदस्य जोन 3 जोन अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू, पार्षद खगपति सोनी, पार्षद कृष्णा सोनकर पार्षद सोहन लाल साहू , पार्षद रवि सोनकर , महेन्द्र औसर, पार्षद विनय प्रताप सिंह ध्रुव, पार्षद विनय पंकज निर्मलकर, पार्षद शेख मुशीर, अपर आयुक्त पंकज शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, अधीक्षक ( विज्ञापन पद्माकर श्रीवास, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, सहायक अभियंता नितिश झा, उप अभियंता अमित सरकार, सोहन गुप्ता आदि अधिकारी उपस्थित रहे।

See also  Sharad Purnima 2025: मां लक्ष्मी के स्वागत का शुभ दिन, जानें पूजा-व्रत और खास परंपराएं

रिपोर्टर श्रवण शर्मा 28 वर्षों से पत्रकारिता जगत में कार्यरत हैं। पूर्व में लगभग 7 वर्षो तक दिल्ली के प्रतिष्ठित अखबारों में पत्रकार के रूप में कार्य किया। इसके पश्चात विगत 21 वर्षों से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कार्यरत हैं। दैनिक जागरण ग्रुप के नईदुनिया संस्थान में 17 वर्ष तक कार्य किया। वर्तमान में टीआरपी न्यूज में गत वर्ष से कार्य कर रहे हैं।
पत्रकारिता जगत में राजनीतिक खबरों से लेकर खेल, धर्म-समाज, पर्यटन, संस्कृति, पुरातत्व, समाज एवं कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल संरक्षण आयोग, महिला आयोग, सहित विविध विभागों की रिपोर्टिंग का अनुभव रहा है। पत्रकारिता का मुख्य उद्देश्य सामाजिक क्षेत्र में बदलाव और आम जनता की समस्याओं को सटीक रूप से उजागर करना है।