टीआरपी। Deputy Chief Minister Arun Saw : जब हम छोटे थे, स्कूल में सुविधा नहीं थी, अपने घर से चटाई ले जाकर बैठते थे। हर शनिवार को गोबर से आंगन की पोताई करते थे। अब, सरकारी स्कूल भी पब्लिक स्कूल की तरह सर्वसुविधायुक्त बनते जा रहे हैं। सरकारी स्कूलों से 10वीं, 12वीं उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को कालेज की पढ़ाई के लिए 30 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। सरकार के इस फैसले से छात्राओं को आर्थिंक तंगी के कारण पढ़ाई बीच में नहीं छोड़नी पड़ेगी। यह कहना है उप मुख्यमंत्री अरुण साव का।
उपमुख्यमंत्री एवं लोकनिर्माण मंत्री अरुण साव ने गुढ़ियारी स्थित दानवीर भामाशाह वार्ड में 337.01 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित शासकीय शशिबाला अंग्रेजी-हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।


मन लगाकर पढ़ें और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें


छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद के दौरान छात्रा अनुष्का शर्मा ने उपमुख्यमंत्री से पूछा कि आप बचपन में कैसे स्कूल में पढ़े ? जिस पर श्री साव ने बताया कि कक्षा तीसरी तक मैंने अपने गांव में पढ़ाई की। वह शासकीय भवन नहीं था, हमारे ही परिवार का एक कच्चा मकान था। हम अपने घर से चटाई ले जाते और बैठा करते। हर शनिवार को गोबर की पोताई भी हम करते थे। जबकि आज देखिए आपके लिए सरकार कितने भव्य और बड़े विद्यालय बना रही है। मेरा आप सभी से आग्रह है कि सरकार आपको आधुनिक सुविधायुक्त विद्यालय बनाकर दे रही है ताकि आप अपना पूरा ध्यान लगाकर खूब पढ़े और आगे बढ़े। इसलिए आपकी भी यह जिम्मेदारी है कि आप पूरा मन लगाकर अच्छी तरह पढ़ें और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

See also  INX केस: सुप्रीम कोर्ट से चिदंबरम को 2 महीने बाद मिली जमानत, 24 अक्‍टूबर तक रहना होगा जेल में

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा के बेहतरी के लिए लगातार कार्य कर रही है। अच्छे स्कूल बन रहे हैं, पढ़ाई के लिए अच्छा माहौल मिल रहा है, छात्र-छात्राओं की जरूरतों का ध्यान रखकर विद्यालय का विकास किया जा रहा है।


हाईटेक बन रहा शहर


सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर हाइटेक शहर बन रहा है। यहां बाईपास, अच्छी और चौड़ी सड़कें हैं। उन्होंने आगे कहा कि नवनिर्मित यह स्कूल बड़ा ही भव्य और सुंदर बना है। सभी छात्र-छात्राओं के लिए हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध हैं। अब आप सभी छात्र-छात्राओं को अपना पूरा ध्यान पढ़ाई में लगाना है। विधायक राजेश मूणत ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब परिवारों की चिंता करने वाली सरकार है।


’आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं से युक्त नवनिर्मित विद्यालय’


नवनिर्मित विद्यालय भवन में भूतल पर पाँच कक्षाओं के साथ दो स्टोर रूम, बालक एवं बालिका के लिए पृथक बाथरूम तथा पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। प्रथम तल पर नौ कक्षाओं के साथ प्राचार्य कक्ष, स्टॉफ रूम, दो स्टोर रूम और पृथक बाथरूम का निर्माण किया गया है। इसी प्रकार द्वितीय तल पर भी नौ कक्षाएँ, प्राचार्य कक्ष, स्टॉफ रूम, दो स्टोर रूम और पृथक बाथरूम बनाए गए हैं। साथ ही विद्यालय परिसर में 165 आर.एम.टी. शेड के साथ मुख्यद्वार, गार्डरूम, बाउंड्रीवाल, स्टेज, पेवर कार्य, पार्किंग टाइल्स, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग, सम्पवेल निर्माण, सेप्टिक टैंक, ब्लैकबोर्ड, स्मार्ट क्लास तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।
भवन के लोकार्पण अवसर पर महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, पार्षद रामहिन कुर्रे एवं रमेश सिंह ठाकुर, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

See also  Women's Day 2022 : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राजधानी की दो तस्वीरें, शहर में रैली, नवारायपुर में इंतजार!