रायपुर। पिछले 24 घंटों में राज्य के सभी संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा बीजापुर में 56 मिमी दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान दुर्ग में 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर में सुबह हल्की बारिश हुई। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के असर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। बस्तर संभाग सहित आसपास के जिलों में आज और कल भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
यहां हुई बारिश
बीजापुर में 6 सेमी, दंतेवाड़ा, बड़े बचेली, गीदम में 5 सेमी, भोपालपटनम, बास्तानार, अंबागढ़ चौकी में 4 सेमी, गंगालूर और पाली में 3 सेमी, जबकि बड़ेराजपुर, पखांजूर, रतनपुर, बारसूर, दरभा, दोरनापाल, पटना, अजगरबहार, कुमरदा, भैरमगढ़ में 2 सेमी वर्षा दर्ज की गई। कई अन्य स्थानों पर इससे कम बारिश हुई।
अलर्ट की स्थिति
बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर में आकाशीय बिजली, तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) और मध्यम वर्षा की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली में हल्की बारिश की संभावना को लेकर यलो अलर्ट जारी है।
राजधानी रायपुर का मौसम
रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।


