रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का दौर जारी है। राजधानी रायपुर के अमलेश्वर इलाके में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और वाहन चालकों को लाइट जलाकर सफर करना पड़ा। इसी तरह रायगढ़ जिले के छाल क्षेत्र में भी घने कोहरे का असर देखा गया।

सरगुजा संभाग के कई इलाकों में धुंध के कारण विजिबिलिटी घटकर महज 20 मीटर तक रह गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तर और मध्य हिस्सों में ठंड का असर बना रहेगा। अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद तीन दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिर सकता है। कई जिलों में शीतलहर चलने की भी आशंका जताई गई है।

ठंड का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। रायपुर स्थित मेकाहारा अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 300 से 350 मरीज त्वचा संबंधी समस्याओं के साथ पहुंच रहे हैं। इनमें ड्राई स्किन, एक्जिमा और सोरायसिस के मरीजों की संख्या अधिक है। डर्मेटोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. मृत्युंजय सिंह के अनुसार ठंड के मौसम में ये समस्याएं आम हैं, लेकिन समय पर उपचार न होने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।

See also  Chhattisgarh Weather News: नौतपा के बीच बदला मौसम, बस्तर-सरगुजा में झमाझम बारिश; जानें रायपुर में आज कैसा रहेगा हाल

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।