रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जोगी के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शहर के सभी 70 वार्डों में पीने के पानी की समस्या को लेकर सोमवार को नगर निगम मुख्यालय का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कई मटके भी फोड़े। उनका कहना है कि भीषण गर्मी में शहर के कई वार्डों में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है।

कई घरों में नल से कीड़े भी निकल रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि शहर के सभी वार्डों में लोगों को पीने का साफ पानी उपलब्ध कराई जाए। जोगी पार्टी नेता ओमप्रकाश देवांगन के नेतृत्व में दर्जनों जोगी पार्टी कार्यकर्ता सुबह जोगी निवास के पास एकजुट हुए। जहां से कर्यकर्ता बैनर-पोस्टर के साथ नारेबाजी करते हुए निगम मुख्यालय पहुंचे। वहां उन सभी ने पीने के पानी की समस्या को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।

नारेबाजी करते हुए जोगी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का कहना है कि शहर के सभी वार्डों में पीने की पानी की समस्या हर साल बनी रहती है। इस साल भीषण गर्मी के चलते  पानी की समस्या विकराल बन गई है।  वार्डों में लोग सुबह से रात तक पानी के लिए भटक रहे हैं। उनका कहना है कि शहर को टैंकर मुक्त करने का प्रयास कई बार किया गया। निगम की ओर से इसकी घोषणा भी की गई थी, लेकिन यह शहर अभी तक टैंकर मुक्त नहीं हो पाया है।

See also  Celebration of 75th Independence Day in Kalinga University

इस साल वार्डों से पानी की मांग लगातार आ रही है, लेकिन उसकी आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही है। टैंकरों के पहुंचने का कोई समय सीमा तय नहीं है। घरों के नलों से बहुत कम पानी आ रहा है। कई जगहों पर गंदा व कीड़े युक्त पानी आने की शिकायत भी मिल रही है। ऐसे में परेशान लोग आसपास के वार्डों तक पहुंचकर पेयजल का इंतजाम करने के लिए मजबूर हैं।