सतना जा रही 54 यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिरी, 54 में से 45 यात्रियों के शव मिले
सतना जा रही 54 यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिरी, 54 में से 45 यात्रियों के शव मिले

टीआरपी डेस्क। मध्यप्रदेश के सीधी में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस बाणसागर नहर में गिर गई। अब तक 45 शव मिल चुके हैं। 6 लोग बचा लिए गए। ड्राइवर खुद तैरकर बाहर आ गया। उसे हिरासत में लिया गया है। रेस्क्यू खत्म हो गया है।

बस में कुल 54 यात्री सवार थे। हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। अधिकारियों ने आशंका जाहिर की है कि मृतकों की संख्या 45 से ज्यादा हो सकती है। सुबह 11.45 बजे क्रेन की मदद से बस को बाहर निकाल लिया गया।

नहर की गहराई 20 से 22 फीट बताई जा रही है। जिस वक्त हादसा हुआ, तब बहाव तेज था, लिहाजा यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला। मृतकों में 12 छात्र भी थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजन को 2-2 लाख रुपए की सहायता देने का ऐलान किया है।

ड्राइवर संकरे रास्ते से ले जा रहा था बस

पुलिस के मुताबिक, बस में 32 लोग बैठाए जा सकते थे, लेकिन इसमें 54 यात्री भर लिए गए। बस को सीधी मार्ग पर छुहिया घाटी से होकर सतना जाना था, लेकिन यहां जाम की वजह से ड्राइवर ने रूट बदल दिया। वह नहर के किनारे से बस ले जा रहा था। यह रास्ता काफी संकरा है। इसी दौरान ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया।

See also  ईडी की छापेमारी केंद्र सरकार की घटिया राजनीति का हिस्सा : सीएम केजरीवाल


झांसी से रांची जाने वाला हाईवे सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली होते हुए जाता है। यहां जगह-जगह सड़क खराब और अधूरी है। इस वजह से यहां आए दिन जाम लगा रहता है।

काफी स्पीड में बस चला रहा था ड्राइवर

हादसे में बचे यात्रियों ने बताया कि ड्राइवर काफी स्पीड में बस चला रहा था। लोगों ने उससे कई बार रफ्तार कम करने को कहा, लेकिन वह नहीं माना। इसी दौरान उसने कंट्रोल खो दिया और बस नहर में गिर गई। जितने भी लोग बस से बाहर आ पाए वे सभी पीछे की सीटों पर बैठे थे। बस के नहर में डूबने के दौरान उन्हें थोड़ा सा वक्त मिला जिससे वे बाहर आ गए और तैरकर किनारे पहुंचे।

​​​​SDRF और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू में जुटी

स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। गोताखोर भी मौजूद हैं। नहर में पानी का बहाव तेज होने की वजह से रेस्क्यू टीम को जलस्तर कम होने का इंतजार करना पड़ा। आशंका है कि तेज बहाव के कारण लोग घटनास्थल से काफी दूर बह गए होंगे। फिलहाल बाणसागर डैम से नहर का पानी रोक दिया गया है। नहर का जलस्तर कम करने के लिए इसके पानी को सिहावल नहर में भेजा जा रहा है।

See also  BHOJSHALA-VAGDEVI-AARTI-HIGHALERT: भोजशाला में 721 साल बाद कल मां वाग्देवी की महाआरती, छावनी में तब्दील हुआ कमाल मौला परिसर, कोर्ट के फैसले के बाद हाई अलर्ट

हादसे के चलते शाह का कार्यक्रम रद्द

मंगलवार यानी 16 फरवरी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1.10 लाख लोगों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। इसमें अमित शाह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल होना था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐलान किया कि हादसे के चलते अब कार्यक्रम संभव नहीं होगा। कलेक्टर, SP समेत कई आला अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर…