वैकल्पिक विकास मॉडल के जरिए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार और इंडिया सेंटर फॉउंडेशन के बीच एमओयू
वैकल्पिक विकास मॉडल के जरिए छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार और इंडिया सेंटर फॉउंडेशन के बीच एमओयू

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में आज यहां विधानसभा परिसर स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य सरकार और इंडिया सेंटर फॉउंडेशन के बीच छत्तीसगढ़ में शिक्षा, कौशल विकास, औद्योगिक विकास, कृषि गलियारे के विकास, इनोवेटिव डिजिटल समाधान, शहरी तथा ग्रामीण विकास, बौद्ध पर्यटन अधोसंरचना आदि क्षेत्रों के वैकल्पिक विकास मॉडल के जरिए समग्र विकास के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

इस एमओयू के तहत छत्तीसगढ़ के उपरोक्त सेक्टरों का आल्टरनेटिव डेव्हलपमेंट मॉडल (Alternative Development Model) के जरिए सशक्तिकरण किया जाएगा। यह मॉडल विशेष रूप से भारत-जापान ग्लोबल पार्टनरशिप और इसके वैश्विक सहयोगियों के बीच भागीदारी पर केन्द्रित होगा। वैकल्पिक विकास मॉडल में ऊर्जा-दक्षता, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और स्थिरता (ईईएस) पर केन्द्रित सामाजिक-आर्थिक विकास रणनीतियों का क्रियान्वयन किया जाएगा।

इस मॉडल में अपने मूल संसाधनों और पर्यावरण का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा। इस मॉडल में शिक्षा, कौशल विकास, औद्योगिक विकास, कृषि गलियारे के विकास, इनोवेटिव डिजिटल समाधान, शहरी तथा ग्रामीण विकास, बौद्ध पर्यटन अधोसंरचना का विकास कर छत्तीसगढ़ की वैश्विक उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।

See also  कोरोना के 3095 मरीज हुए स्वस्थ, उपचार के दौरान हुई 14 संक्रमितों की मौत, 31225 एक्टिव केस

राज्य सरकार की ओर से उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और इंडिया सेंटर फॉउंडेशन की ओर से फॉउंडेशन के मैनेजर ट्रस्टी संकल्प शुक्ला ने हस्ताक्षर किए। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. आलोक शुक्ला, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध संचालक अरूण प्रसाद, उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव अनुराग पाण्डेय भी उपस्थित थे।