अबूझमाड़ के ओरछा ब्लॉक में नक्सलियों ने की ग्राम पंचायत पोचावाड़ा के सचिव की हत्या


नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा और नारायणपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई। अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों ने एक पंचायत सचिव की हत्या कर दी, वहीँ दंतेवाड़ा क्षेत्र में एक ग्रामीण आईईडी की चपेट में आकर मारा गया।

घात लगाकर की हत्या

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ के ओरछा ब्लॉक में नक्सलियों ने ग्राम पंचायत पोचावाड़ा के सचिव की हत्या कर दी है। ओरछा ब्लॉक के ग्राम पोचावाड़ा की पंचायत में सचिव के पद पर हरक चौधरी पदस्थ थे। हरक चौधरी पंचायत संबंधी कार्य व जाति निवास प्रमाण पत्र के शिविर को लेकर पोचावाड़ा के आश्रित ग्राम रोहताड़ गए थे, जहां से अपना कार्य पूर्ण कर वापस आ रहे थे तभी घात लगाए हुए नक्सलियों ने उन्हें रोका और अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद रोहताड़ पुलिया के पास सचिव के शव को फेंक दिया। नक्सलियों ने शव के ऊपर पर्चे व पाम्पलेट डाले हैं।

See also  आरक्षण के मुद्दे पर विधानसभा में जमकर बहस, कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित

रात भर पड़ा रहा शव

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज चंद्राकर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह इलाका घोर नक्सली क्षेत्र होने के कारण शव रात भर घटनास्थल में पड़ा रहा। सुबह होने पर पुलिस द्वारा ग्रामीणों एवं परिजनों की मदद से शव को ब्लॉक मुख्यालय ओरछा लाया गया। जहां शव का पोस्टमार्टम कर परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस द्वारा घटना की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

निर्दोष ग्रामीण की चली गई जान

दंतेवाड़ा में नक्सलियों की कायराना करतूत का अंजाम 45 साल के बेकसूर ग्रामीण हिड़मा माड़वी को अपनी जान देकर भुगतना पड़ गया। नक्सलियों द्वारा जवानों के लिए बिछाए गए आईईडी के जाल में ग्रामीण हिड़मा माड़वी फंस गया, आईईडी के ब्लास्ट होने से उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है तेलम का रहने वाला हिड़मा किसी काम से जा रहा था। तेलम में टेकरी के पास नक्सलियों ने प्रेशर आईईडी लगाकर रखा था। इस पर पैर आते ही ब्लास्ट हो गया। जिससे हिड़मा की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास की सर्चिंग की गई।

See also  छत्तीसगढ़ में फ्लैट खरीदने वाले सिर्फ 'हवा में' मालिक? बिल्डरों और सरकार पर गंभीर सवाल
Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर