टीआरपी डेस्क। देशभर में कोरोना टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण एक मई से शुरू हो जाएगा। इसके तहत 18 साल से ऊपर के सभी लोग कोरोना का टीका लगवाने के लिए पात्र हो जाएंगे। हालांकि, केंद्र सरकार ने तीसरे चरण में नए सिरे से टीकाकरण पर जोर देते हुए राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के लिए कुछ नए दिशानिर्देश जारी किए हैं।

ऑनलाइन पंजीकरण ही मान्य

नए निर्देश के तहत कहा गया है कि एक मई से शुरू होने वाले टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण ही मान्य होगा। इसके अलावा सभी राज्याें और केंद्र शासित प्रदेशों काे अभी से टीकाकरण केंद्रों के रूप में अस्पताल निर्धारित करने काे कहा गया है।

बता दें, केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी राज्यों के अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें कोरोना टीकाकरण के अगले चरण के संबंधित जरूरी दिशा निर्देश जारी किए गए। बैठक के बाद केंद्र सरकार ने राज्यों को एडवाइजरी जारी कर कहा है कि वैक्सीनेशन का यह चरण शुरू करने से पहले वह ज्यादा से ज्यादा प्राइवेट सेंटर्स का रजिस्ट्रेशन करवाएं। साथ ही टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंतजाम किए जाएं। 

See also  ममता का नहीं चाहिए साथ...टिकट रखो अपने पास, इस TMC उम्मीदवार ने छोड़ी पार्टी

सरकार के निर्देश

18 से 44 साल की उम्र के लोगों के लिए कोविन वेब पोर्टल पर पंजीकरण कराना और टीकाकरण के लिए समय लेना अनिवार्य।
शुरुआत में टीकाकरण केंद्र पर पंजीकरण कराने की अनुमति नहीं है।
45 से अधिक उम्र के लोग टीकाकरण केंद्र पर ही पंजीकरण कराकर टीका लगवा सकेंगे, जैसा अभी हो रहा है।
18 से 44 साल की आयु के लोगों के लिए कोविन पोर्टल, आरोग्य सेतु ऐप पर पंजीकरण 28 अप्रैल से शुरू होगा।
टीकाकरण के दस्तावेज पहले जैसे हैं।
टीका निर्माताओं ने पहले ही टीकों के दाम घोषित कर दिए हैं। 1 मई से वे इसके अनुसार टीका मुहैया कराएंगे।

टीकाकरण के लिए जरूरी बात

सभी सरकारी और निजी कोरोना टीकाकरण केंद्रों का कोविन पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य।
सेंटर्स को कोविन पर वैक्सीन के प्रकार, स्टॉक और कीमत की जानकारी देनी होगी।
सभी टीकाकरण केंद्रों को वैक्सीनेशन का रिकॉर्ड रखना होगा। 
सभी टीकाकरण केंद्रों को डिजिटल वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र जारी करना होगा।
कोविड केयर सेंटर्स पर पर्याप्त कोल्ड चैन उपकरण हो।
वैक्सीनेशन के लिए पर्याप्त स्थान और वेटिंग एरिया हो।
वैक्सीन देने वाले प्रशिक्षित लोगों की पर्याप्त संख्या हो।
प्राइवेट अस्पतालों और इंडस्ट्रियल संस्थाएं अपने वैक्सीनेशन सेंटर्स के लिए डोज सीधे निर्माता से प्राप्त कर सकती हैं।

See also  कांग्रेस 26 दिसंबर को बेलगाम से EVM के खिलाफ शुरू करेगी आंदोलन, देशभर में निकालेगी यात्रा