अरविंद केजरीवाल

टीआरपी डेस्क। कोरोना का प्रकोप अब कुछ कम होने लगा है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लॉकडाउन में थोड़ी और राहत देने की घोषणा की है। सीएम केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि इस हफ्ते से दिल्ली में क्या खुला रहेगा और क्या बंद रहेगा।

केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि 7 जून से दिल्ली मेट्रो 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेगी। बाजार और मॉल सम-विषम आधार पर खुलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार कोरोना वायरस के स्वरूप का पता लगाने के लिए एलएनजेपी अस्पताल तथा यकृत एवं पित्त विज्ञान संस्थान (आईएलबीएस) में दो जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशालाएं बनाएगी।

केजरीवाल ने एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली में सोमवार सुबह पांच बजे तक लगे लॉकडाउन की अवधि और बढ़ायी जाएगी लेकिन कई तरह की छूट भी दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ फिर से खोलने की अनुमति दी जाएगी। बाजार और मॉल सुबह 10 बजे से रात आठ बजे तक सम-विषम आधार पर खोले जा सकते हैं।

See also  LOCKDOWN IN CHHATTISGARH: बिलासपुर के बाद अब इस जिले में 23 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, जानिए किन चीजों में मिली छूट

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार यह ध्यान में रखते हुए कोविड-19 की संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारी कर रही है कि इसके चरम पर पहुंचने पर रोज 37,000 मामले आ सकते हैं और साथ ही बिस्तरों, आईसीयू तथा दवाओं की व्यवस्था भी कर रही है। उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए आवश्यक बिस्तरों की संख्या, आईसीयू सुविधाओं तथा अन्य उपकरणों पर फैसला लेने के लिए एक बाल चिकित्सा कार्य बल गठित किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली में 450 मीट्रिक टन ऑक्सीजन भंडार करने की व्यवस्था की जा रही है, 25 ऑक्सीजन टैंकर खरीद रहे हैं और 64 छोटे ऑक्सीजन संयंत्र लगा रहे हैं।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर