डीडी नगर के सालासर अपार्टमेंट में हुई 1 लाख की लूट के मामले का खुलासा, लुटेरी CA ने मंगेतर संग मिलकर दिया था घटना को अंजाम, दोनों गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी पुलिस ने डीडी नगर के सालासर अपार्टमेंट में हुई 1 लाख की लूट के मामले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में से एक को महाराष्ट्र के रत्नागिरी तथा उसके मंगेतर को नाेएडा से गिरफ्तार किया है। मामले में आरोपियों द्वारा घटना को अंजाम देने के दौरान इस्तेमाल किए गए एक्टिवा के आधार पर सबूत जुटा कर दोनों को गिरफ्तार किया है।

मामले का खुलासा एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि आयशा पेशे से CA है। ये ऑनलाइन ट्रेडिंग (शेयर मार्केट) में दलाली का भी काम करती है। वॉट्सऐप के जरिए ये कुछ साल पहले रायपुर के संजीव कुमार के संपर्क में आई थी। संजीव ने इसे अपने घर का पता भी दे रखा था। शेयर के पैसों के मामले में आयशा को संजीव से 4 लाख रुपए लेने थे। संजीव रकम देने के मामले में आयशा को टाल रहा था, इसी वजह से उसने अपने मंगेतर से मिलकर लूटकर वसूली करने की साजिश रची थी।

See also  कोयला मंत्री के दौरे के बाद एसईसीएल में बड़ी सर्जरी, 5 एजीएम का तबादला, देखें सूची

ऐसे दिया घटना को अंजाम

एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि संजीव कुमार फायनेंस कंपनी में काम करता है। लगभग 9 दिन पहले उसके घर पर ये वारदात हुई थी। सालासर अपार्टमेंट के छठवें माले के फ्लैट में युवक-युवती पहुंचे। बेल बजाकर दरवाजा खुलवाया। दोनों ने संजीव की पत्नी से कहा कि वे डोर टू डोर वैक्सीनेशन करने वाली टीम में है। महिला ने उनसे आई कार्ड मांगा तो दोनों गोलमोल जवाब देने लगे। इस बीच, युवती ने पानी मांग लिया। महिला पानी लाने किचन में गई, तभी दोनों भीतर घुसे।

महिला जैसे ही पानी लेकर आई, युवक ने चाकू गले में टिका दिया और शोर मचाने पर मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने महिला और उसके बेटे को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद दूसरे कमरे से जेवर तथा अन्य सामान लिए और भाग गए। महिला ने दूसरे फ्लैट के लोगों को चिल्लाकर अपने पति का फोन नंबर बताया और तब मामले की जानकारी सामने आई।

See also  कोरोना संक्रमण के चलते प्रशासन हुआ अलर्ट, 50% की क्षमता से कक्षाएं लगाने का आदेश

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे फेसबुक, ट्विटरटेलीग्राम और वॉट्सएप पर