खनिज न्यास के लंबित भुगतान को लेकर धरने पर बैठा ठेकेदार, कलेक्ट्रेट में मचा हड़कंप

कोरबा। जिला खनिज न्यास में हुए घोटालों को लेकर बदनाम कोरबा जिले में एक ठेकेदार को 03 साल से लंबित भुगतान को लेकर न्यास के नोडल अधिकारी के कार्यालय के सामने धरना देना पड़ा। करतला जनपद पंचायत क्षेत्र में हुए पुल निर्माण कार्य में सामग्री की आपूर्ति करने वाले इस ठेकेदार को भुगतान के लिए सालों से दौड़ाया जा रहा है।

कोरबा के कलेक्ट्रेट परिसर में उस वक्त अफरातफरी मच गयी जब यहाँ पदस्थ डिप्टी कलेक्टर भरोसा राम ठाकुर के कार्यालय के दरवाजे के बाहर ठेकेदार नटवर शर्मा धरने पर बैठ गए। डिप्टी कलेक्टर भरोसा राम ठाकुर जिला खनिज न्यास के नोडल अधिकारी भी हैं। नटवर शर्मा आज उनसे मिलने पहुंचे और करतला जनपद में DMF के मद से हुए कार्यों के भुगतान के बारे में पूछा, इस पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। नटवर शर्मा नोडल अधिकारी से पहले भी मिल चुके थे और उन्हें जानकारी दे चुके थे कि जनपद पंचायत से उन्हें 10 लाख रुपयों का भुगतान लेना बाकी है। इस बात को लेकर नटवर की भरोसा राम ठाकुर से बहस हुई और इसके बाद वह अधिकारी के कार्यालय के दरवाजे के सामने धरने पर बैठ गया।

See also  अरपा नदी में रेत के अवैध खनन और प्रदूषण रोकने के लिए बनी कमेटी की रिपोर्ट अब तक नहीं, हाईकोर्ट का 8 मई तक जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश

सिटी मजिस्ट्रेट को करनी पड़ी मान-मनौव्वल

कलेक्टर के कक्ष के पास ही जिला खनिज न्यास के कार्यालय के सामने ठेकेदार द्वारा धरने पर बैठ जाने की खबर पूरे कलेक्ट्रेट में फ़ैल गई। आनन-फानन में यहाँ सिटी मजिस्ट्रेट हरिशंकर पैकरा पुलिस बल के साथ पहुंचे और नटवर शर्मा को उठाने का प्रयास करने लगे, मगर नटवर शर्मा इस बात पर अड़े रहे कि उन्हें यह बताया जाये कि उनका भुगतान कब तक किया जायेगा। काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद नटवर शर्मा यहाँ से उठे और सिटी मजिस्ट्रेट के साथ उनके कार्यालय गए।

आखिर क्या है मामला?

मामला तीन वर्ष पूर्व का है, भाजपा के करतला मंडल अध्यक्ष और ठेकेदार नटवर शर्मा ने ग्राम पंचायत करतला, केराकछार, सेन्द्रिपाली व डोगआमा में खनिज न्यास मद से निर्माण कार्य करने के लिए गिट्टी, छड़ और सीमेंट प्रदाय किया था। जिसका भुगतान लगभग 10 लाख रुपए था और नटवर शर्मा को तीन साल बाद भी रकम नहीं मिली है। कर्जदारों से तंग आकर नटवर शर्मा को डीएमएफ के अधिकारी के केबिन के गेट पर बैठना पड़ा। नटवर शर्मा ने TRP न्यूज़ को बताया कि करतला जनपद पंचायत में खनिज न्यास मद से हुए कार्यों का 01 करोड़ 38 लाख 56 हजार रूपये का अब तक भुगतान नहीं किया गया है। इस बीच पूर्व कलेक्टर का तबादला भी हो गया और खनिज न्यास के नोडल अधिकारी भी बदल गए हैं।

See also  बिलासपुर पहुंचे राज्यपाल आरिफ खान को काला झंडा दिखाने की कोशिश, NSUI के 10 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बता दें कि करतला जनपद पंचायत भाजपा के वरिष्ठ विधायक ननकी राम कँवर के क्षेत्र के अंतर्गत आता है, और उन्होंने यहाँ खनिज न्यास के तहत हुए कार्यो के भुगतान और गड़बड़ियों की शिकायत भी की थी। जिसके बाद जनपद के CEO को हटा दिया गया। इस इलाके में हुए कार्यो की जांच भी पूरी हो चुकी है मगर जिनके भुगतान बकाया है उन्हें अब तक दौड़ाया जा रहा है। खबर आ रही है कि कमीशन के फेर में भुगतान को रोककर रखा गया है। बहरहाल देखना है कि ठेकेदार के इस धरने का क्या साइड इफेक्ट होता है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएपपर