टीआरपी डेस्क। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने पिता के इलाज के दौरान की तस्वीर मीडिया में आने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। एक मीडिया को दिए इंटरव्यू में दमन सिंह ने कहा कि मेरे पेरेंट्स कठिन हालात का सामना करने की कोशिश कर रहे हैं। वे बुजुर्ग हैं, चिड़ियाघर के जानवर नहीं हैं।

दरअसल, मनमोहन सिंह का दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया शुक्रवार को उनकी हालचाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। मांडविया ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की। वहीं, न्यूज चैनलों पर कुछ वीडियो दिखाए गए, जिनमें मनमोहन सिंह बिस्तर पर लेटे हुए नजर आ रहे हैं और उनकी पत्नी गुरशरण कौर उनके पास खड़ी हैं।

दमन ने कहा, “मेरे पिता का एम्स में डेंगू का इलाज चल रहा है। उनकी हालत स्थिर है, लेकिन उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है। हमने संक्रमण के जोखिम के कारण आने वालों पर रोक लगाई है। स्वास्थ्य मंत्री का आना और अपनी चिंता जताना अच्छा लगा। हालांकि, मेरे पेरेंट्स उस समय फोटो खिंचवाने की स्थिति में नहीं थे। मेरी मां ने जोर देकर कहा कि फोटोग्राफर को कमरे से बाहर जाना चाहिए, लेकिन उन्हें पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया। इसे लेकर वह बहुत परेशान थीं।”

See also  CG News: छत्तीसगढ़ की ग्राम पंचायतों में 5 जनवरी से शुरू होगा कांग्रेस का मनरेगा बचाओ आंदोलन, CWC के निर्देश के बाद एक्शन में PCC

इस मामले पर डॉक्टर्स ने कहा कि रोगियों की प्राइवेसी बनाए रखना नैतिकता है, जिसे मेडिकल एजुकेशन के दौरान पढ़ाया जाता है। डॉक्टर्स और हॉस्पिटल्स का यह दायित्व है कि रोगी की गोपनियता की रक्षा हो। फोरम फॉर मेडिकल एथिक्स सोसाइटी (FMES) के सदस्य ने कहा कि अगर पूर्व प्रधानमंत्री की तस्वीर उनके परिवार की सहमति के बगैर ली गई है तो यह नैतिकता का उल्लंघन है।

केंद्रीय मंत्री की ओर से शेयर की गई तस्वीरों पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। यूजर्स ने ट्वीट करके कहा कि मीडिया की सुर्खियां पाने के लिए ऐसा किया गया, जो कि निंदनीय है। इस तरह के आक्रोश को देखते हुए मांडविया ने तस्वीरें डिलीट कर दीं। यह अभी तक साफ नहीं हो पाया है कि डॉक्टर्स और एम्स मैनेजमेंट ने फोटोग्राफर को अंदर कैसे जाने दिया। इससे भी चौंकाने वाली बात यह है कि एम्स के निदेशक गुलेरिया खुद वहां मौजूद थे।

See also  ईरान की मदद के लिए भारतीय बच्चों ने दिए अपने गुल्लक, दूतावास ने पोस्ट कर कहा- Thank you

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर