लगातार हो रही बारिश से प्रशासन अलर्ट मोड पर

रायपुर। प्रदेश में बीते 20 घंटे से हो रही चक्रवाती बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और नगरीय निकायों को सतर्क रहने को कहा है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ जैसी किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन संबंधी सभी उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने निर्देश दिया है कि जलभराव और बाढ़ की स्थिति में किसी भी तरह की विपरित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता रखी जाए। लोगों के बचाव और उन्हें राहत पहुंचाने की सभी तैयारी भी रखी जाए। मुख्यमंत्री ने निचले और संभावित प्रभावित इलाकों में आपदा प्रबंधन दल को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावितों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री ने कहा है नदी नालों के जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसकी जानकारी नियमित रूप से कंट्रोल रूम में दी जाए। जहां भी जलभराव और बाढ़ की स्थिति निर्मित हो सकती है वहां पूर्व से ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाए।

See also  रायपुर समेत अधिकांश मध्य-उत्तर छत्तीसगढ़ में कल हो सकती है झमाझम बारिश

मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से कहा है कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में नजदीक के भवनों में अस्थाई राहत शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन बल सहित प्रभावित जिलों के पुलिस बल, होमगार्ड, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग, लोक निर्माण, खाद्य विभाग, नगरीय निकायों आदि के अधिकारियों को भी सचेत एवं सतर्क रहने को कहा है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू और वॉट्सएप, पर