MURDER

मुंगेली। यहां के चिल्फी थाना इलाके के इलचपुर गांव में आज तड़के हुई एक घटना से लोग सहम गए। यहां एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से एक युवती की हत्या कर दी और उसकी 2 बहनों को बुरी तरह घायल कर दिया। मृत युवती शिक्षाकर्मी थी वहीं हमलावर युवक NIT रायपुर में लेक्चरर बताया जा रहा है।

भाई की शादी में गांव आई थी लेखनी

जानकारी के मुताबिक पेंड्रा जिले में लेखनी टोंडे वर्ग एक शिक्षाकर्मी थीं और छुट्टियों में वह अपने गांव आई थी। इसी महीने उनके भाई की शादी भी होने वाली थी, जिसके चलते घर में सभी सदस्य मौजूद थे। मंगलवार की सुबह करीब 4 बजे गांव का ही रहने वाला और एनआईटी रायपुर में लेक्चरर विजय भास्कर उसके घर के बाहर पहुंचा। उसने बाहर से ही लेखनी को आवाज दी और बुलाया। बताया जा रहा है कि भास्कर के साथ 3 महिलाओं सहित करीब 8 लोग और थे।

See also  पढ़ाई छोड़ नेटवर्किंग कंपनी में काम करने वाली शिक्षिका को विभाग ने किया निलंबित

अकेले में ले जाकर किया हमला

लेखनी के बाहर आने पर बात करने के बहाने वे उसे घर से कुछ दूर ले गए और अचानक धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। शोरगुल सुनकर लेखनी की बहन नंदिनी और ममेरी बहन रीना बीच-बचाव करने के लिए बाहर निकली। मगर आरोपियों ने उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लेखनी टोंडे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी छोटी बहन नंदिनी बुरी तरह घायल हो गई। हमला होने पर रीना किसी तरह वहां से भागने में सफल रही।

मौके से फरार हुए हमलावर

इस हमले के बाद परिवार के बाकी सदस्य जब तक पहुंचते आरोपी फरार हो चुके थे। लेखनी का शव गांव की सड़क पर पड़ा रहा। घटना की सूचना चिल्फी थाने में देने पर पुलिस पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू की। कुछ लोगों को पकड़े जाने की खबर है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

See also  CG Election 2023 vote counting: सबसे आखिरी में आएगा कवर्धा का रिजल्ट, 30 चक्रों में होगी मतों की गिनती, जिला मुख्यालयों में तैयारियां पूरी

लेखनी का मोबाइल ले गए युवक

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर विजय भास्कर के साथ जो अन्य लोग आए थे, वे गांव से बाहर के थे और उन्हें वे पहचानते नहीं हैं। आरोपी मृतक लेखनी का मोबाइल फोन भी ले गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में मामला प्रेम प्रसंग का लगता है। लेखनी का विजय भास्कर से पहले से परिचय था। घटना की असली वजह की पड़ताल करते हुए हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Hindi News के लिए जुड़ें हमारे साथ हमारे
फेसबुक, ट्विटरयूट्यूब, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन, टेलीग्रामकू
 पर