चेन्नई। तमिलनाडु भारतीय जनता पार्टी के राज्य सचिव एसजी सूर्या को पुलिस ने शुक्रवार देर रात चेन्नई से गिरफ्तार किया है। मदुरै कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के सांसद सु वेंकटेशन के खिलाफ बयान देने के सिलसिले में मदुरै पुलिस ने गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि, सूर्या ने विश्वनाथन नाम के एक कम्युनिस्ट पार्षद पर सफाईकर्मी को सेफ्टी टैंक से भरे नाले को साफ करने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया, जिसके परिणामस्वरूप एलर्जी की वजह से उसकी मौत हो गई। सांसद वेंकटेशन को लिखे एक पत्र में, सूर्या ने इस घटना की कड़ी आलोचना की थी।

वहीं, एसजी सूर्या की गिरफ्तारी पर भाजपा ने प्रतिक्रिया दी है। दरअसल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने ट्विटर पर इसकी कड़ी आलोचना की है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि, तमिलनाडु भाजपा के राज्य सचिव एसजी सूर्या की रातो-रात गिरफ्तारी बेहद निंदनीय है। उन्हें सामाजिक मुद्दों पर डीएमके और उसकी गठबंधन पार्टी की दोहरी भूमिका की आलोचना करने के लिए गिरफ्तार किया गया है। डीएमके विचारों के साथ आलोचना का मुकाबला करने में असमर्थ है और लोगों की आवाज को चुप कराने की कोशिश करती है।

See also  Weather Update : छत्तीसगढ़ समेत इन राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान होगी बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

अन्नामलाई ने कहा कि, सरकार को यह याद रखना चाहिए कि सभी विरोधी आवाजों को कुचलने की कोशिश की जा रही है। खुद को अभिव्यक्ति की आजादी के रखवाले के रूप में पेश करने का नाटक अधिक समय तक नहीं चलेगा। बिना आलोचना सहे बीजेपी के कार्यकर्ताओं को लगातार इस तरह गिरफ्तार करना निरंकुशता को दर्शाता है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बोले कि हमारी आवाज हमेशा लोगों के लिए गूंजती रहेगी।

उल्लेखनीय है कि, एसजी सूर्या की गिरफ्तारी प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से राज्य के मंत्री वी सेंथिल बालाजी को नौकरी रैकेट घोटाले में उनकी कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किए जाने के कुछ ही दिनों बाद हुई है।