नेशनल डेस्क। राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में स्थित भारत व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) के पुनर्विकसित परिसर का उद्घाटन 26 जुलाई को किया जाएगा। वाणिज्य मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी। इस परिसर में सितंबर में G20 नेताओं की बैठक होगी।

परिसर का उद्घाटन संभवत: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। प्रगति मैदान पुनर्विकास परियोजना के तहत IECC (एकीकृत प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र) को एक आधुनिक परिसर के रूप में बनाया जा रहा है। सरकार ने जनवरी, 2017 में प्रगति मैदान के पुनर्विकास के ITPO के प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए राष्ट्रीय राजधानी में विश्वस्तरीय IECC स्थापित करने पर सहमति जताई थी।

परियोजना की कुल लागत 2,254 करोड़ रुपए है। मंत्रालय ने कहा कि प्रगति मैदान का पुनर्विकास दो चरणों में किया गया। 123 एकड़ क्षेत्रफल वाला परिसर सबसे बड़े ‘माइस’ गंतव्यों में शामिल होगा। मंत्रालय ने कहा कि बैठक, प्रोत्साहन, सम्मेलन और प्रदर्शनी (माइस) के उभरते बाजार के लिए देश में ऐसे निवेश की जरूरत है। ITPO वाणिज्य मंत्रालय के तहत आता है। यह प्रगति मैदान में प्रदर्शनी केंद्र संचालित करती है और IECC का विकास कर रहा है।

See also  Why Did Modi Keep Laughing At Kharge's Arguments? - राज्यसभा में सभापति-खड़गे में नोंकझोंक, मोदी भी हंसने लगे