नई दिल्ली। भारत का चंद्रयान-3 अपने लक्ष्य के और करीब पहुंच गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 की ओर से ली गई चांद की पहली तस्वीर शेयर की है। चंद्रयान-3 ने 5 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश कर लिया था। इस दौरान उसने चंद्रमा का एक वीडियो बनाया है। चंद्रयान ने अंतरिक्ष से अपना पहला वीडियो भेजा है, जिसमें हैरान कर देने वाला नजारा दिखा है। वीडियो में दिख रहा कि कैसे चंद्रयान-3 चांद की कक्षा में प्रवेश कर रहा है और कैसे चांद पर छोटे-बड़े कई गड्ढे दिखाई दे रहे हैं।

इसरो ने रविवार 6 अगस्त को रात करीब 11 बजे चंद्रयान-3 की ऑर्बिट घटाई। यान अब चंद्रमा के 170 किमी x 4313 किमी की ऑर्बिट में है। यानी चंद्रयान ऐसी अंडाकार कक्षा में घूम रहा है जिसमें उसकी चांद से सबसे कम दूरी 170 Km और सबसे ज्यादा दूरी 4313 Km है। ऑर्बिट बदलने के लिए चंद्रयान के इंजन कुछ देर के लिए फायर किए गए। इसरो ने बताया कि अब कक्षा को और कम करने का अगला ऑपरेशन 9 अगस्त 2023 को 13 से 14 बजे के बीच किया जाएगा। इससे पहले चंद्रयान 164 Km x 18,074 Km की ऑर्बिट में घूम रहा था।

See also  अब चांद पर लें हाई-स्पीड 4G नेटवर्क का मजा, Nokia को NASA करेगी इस प्रोजैक्ट की फंडिंग

22 दिन के सफर के बाद चंद्रयान ने 5 अगस्त को शाम करीब 7:15 बजे चंद्रमा की कक्षा में पहुंचा था। चंद्रयान के कैमरों ने चांद की तस्वीरें भी कैप्चर की थी। इसरो ने अपनी वेबसाइट पर इसका एक वीडियो बनाकर शेयर किया है। इन तस्वीरों में चंद्रमा के क्रेटर्स साफ-साफ दिख रहे हैं। यान चंद्रमा की ग्रैविटी में कैप्चर हो सके, इसके लिए उसकी स्पीड कम की गई। स्पीड कम करने के लिए इसरो वैज्ञानिकों ने यान के फेस को पलटकर थ्रस्टर 1835 सेकेंड यानी करीब आधे घंटे के लिए फायर किए। ये फायरिंग शाम 7:12 बजे शुरू की गई थी।

उल्लेखनीय है कि, आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के स्पेस सेंटर से 14 जुलाई को इसे लॉन्च किया गया था। जब ये स्पेसक्राफ़्ट चांद की कक्षा में प्रवेश कर रहा था तो चांद ऐसा दिख रहा था। इस मिशन के लिए 23 अगस्त सबसे अहम तारीख है। इसी दिन चंद्रयान को साउथ पोल पर सॉफ़्ट लैंडिंग करनी है।

See also  Chandrayaan-3 : प्रज्ञान रोवर ने पार की पहली चुनौती, सामने आया क्रेटर, इसरो ने ट्वीट कर दी जानकारी