भिलाई नगर। निर्वाचन कार्यालय में आज 1, 2, 5 और 10 के सिक्के और छोटे-छोटे नोट लेकर एक शख्स नामांकन फॉर्म जमा करने पहुंचा। पूछने पर पता चला कि वो रामनगर मुक्तिधाम का डोम शंकरलाल साहू है। वो वैशाली नगर विधानसभा से स्वाभिमान मंच से जुड़े हुए है।

समाज की गन्दगी साफ करने चुनाव मैदान में

वार्ड-12 सुपेला के शंकरलाल साहू ने कहा कि- मैं विकास करना चाहता हूं, समाज की गंदगी को साफ करने चुनावी समर में कूद रहा हूं। कोरोना काल में मैंने खुद और अपने तीनों बच्चों को मानव सेवा में झोंका है। जीत हार अपनी जगह है पर मैं मरते दम तक मानव सेवा के लिए ही समर्पित हूं, इसीलिए वैशाली नगर विधानसभा से चुनाव लड़ने के लिए नामांकन जमा करने आया हूं। मैं गरीब हूं, मेरे लिए बूथ में बैठने वाला शायद कोई न हो लेकिन मैं जनता की ताकत और आशीर्वाद से चुनाव लड़ रहा हूं।

See also  Earthquake : गरियाबंद में लगातार दूसरे दिन भूकंप के झटके, इलाके में दहशत का माहौल

35 साल से मुक्तिधाम की सेवा में

शंकरलाल साहू ने बताया कि मैंने 35 साल मुक्तिधाम में डोम के रूप में निस्वार्थ मानव सेवा की है। बच्चों के गुल्लक में जमा रूपये और अपनी जमा पूंजी से 5 हजार के सिक्के और नोट देकर मैंने नामांकन दाखिल किया है और वैशाली नगर में विकास तथा समाजसेवा के लिए गरीब शंकर को जिताने में घर घर लोगों से सम्पर्क कर वोट देने की अपील करूंगा।

शंकरलाल ने कहा कि मैं यह जानता हूं कि समाज की गंदगी साफ करने और विकास के लिए लड़ना जरूरी है, इसलिए मानव सेवा के जज्बे और जुनून के साथ जनता के आशीर्वाद से ही विधायक के चुनावी समर में कूद पड़ा हूं।