नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए आज नामांकन का दौर शुरू होने जा रहा है। नामाकंन प्रक्रिया की शुरुआत से पहले मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नियम-शर्तों के बारे में जानकारी दी थी। मालूम हो कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण में जिन 102 सीटों पर मतदान होना है, वहां आज से नामांकन शुरू हो जाएगा। पहले चरण में तमिलनाडु की 29, राजस्थान की 12, उत्तर प्रदेश की 8, मध्य प्रदेश की 6, उत्तराखंड, असम और महाराष्ट्र की 5-5, बिहार की 4, पश्चिम बंगाल की 3, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय की 2-2 और छत्तीसगढ़, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, लक्षद्वीप और पुदुचेरी में की 1-1 सीटों पर मतदान होगा।

निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जिसके तहत देश भर में सात चरणों में मतदान संपन्न होंगे। बता दें कि पहले चरण के लिए 19 अप्रैल, दूसरे चरण के लिए 26 अप्रैल, तीसरे चरण के लिए 7 मई, चौथे चरण के लिए 13 मई, पांचवें चरण के लिए 20 मई, छठें चरण के लिए 25 मई और सातवें चरण के लिए 1 जून को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 जून को आएंगे। निर्वाचन आयोग ने कहा है कि वह निष्पक्ष, स्वतंत्र और सुरक्षित लोकसभा चुनाव आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। पहले चरण के लिए 27 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। हालांकि बिहार में पहले चरण में जिन लोकसभा सीट के लिए मतदान होना है, उनके लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख एक त्योहार की वजह से बढ़ाकर 28 मार्च की गई है। बिहार की 40 में से चार लोकसभा सीट पर मतदान प्रथम चरण में होगा।

See also  माफिया अतीक के जनाजे में शामिल होने शाइस्ता ने किया असफल प्रयास, बेखबर रही पुलिस

नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है, वहीं बिहार में प्रथम चरण की चार सीट के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया दो अप्रैल तक जारी रहेगी। देश में 18वीं लोकसभा के लिए 19 अप्रैल को चुनाव शुरू होंगे और एक जून तक सात चरणों में मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।