जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड की जमशेदपुर लोकसभा सीट के घाटशिला में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस, झामुमो और राजद पर जोरदार हमला बोला।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे नक्सलियों की भाषा बोल रहे हैं। वे उद्योगों और उद्योगपतियों पर लगातार हमला कर रहे हैं। नक्सली बिना पैसा लिए किसी उद्योगपति को कोई काम नहीं करने देते थे। हमने उन नक्सलियों की कमर तोड़ दी, लेकिन अब कांग्रेस और झामुमो ने उन नक्सलियों की जिम्मेदारी उठा ली है। इन्हें उद्योगों के विकास से नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और वसूली से मतलब है।

‘ऐसे में कौन निवेशक आगे आएगा..?’

पीएम ने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस के शहजादे उद्योगपतियों और निवेशकों का विरोध करेंगे, तो तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, झारखंड जैसे राज्यों में जहां कांग्रेस और उनकी सहयोगी पार्टियों की सरकारें हैं, कौन निवेशक जाएगा और कौन उद्योग लगाएगा? कांग्रेस और उसकी पार्टियों की सरकारें उद्योगों और उद्योगपतियों के खिलाफ माहौल बनाकर वहां के नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही हैं।

See also  नेपाल में हुआ बड़ा हादसा, जनकपुर से भैरहवां जा रही बस नदी में गिरी, 9 यात्रियों की मौत, 23 घायल

‘नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं’

उन्होंने झारखंड में झामुमो-कांग्रेस-आरजेडी की सरकार पर राज्य को लूटने का आरोप लगाते हुए कहा कि इनके नेताओं और अफसरों के यहां से नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। आज झारखंड का नाम लेते ही खनिज संपदाओं से संपन्न राज्य का नहीं, बल्कि लूटकर बनाए गए नोटों के पहाड़ का दृश्य सामने आता है। मोदी इनके ठिकानों से लूट के पैसे निकलवा रहा है। ये गरीबों, आदिवासियों, दलितों, पिछड़ों और आपके बच्चों के हक का पैसा है। उन्होंने कहा कि यह उनकी गारंटी है कि जिन लोगों से ये पैसे लूटे गए हैं, उन्हें वापस कराएंगे। इसके लिए सरकार कानूनी रास्ते तलाश रही है।

‘ये लोग लिख रहे हैं वसीयतनामा’

राहुल गांधी और सोनिया गांधी का नाम लिए बगैर प्रधानमंत्री ने कहा कि ये लोग संसद की सीट का भी वसीयतनामा लिख रहे हैं। शहजादे वायनाड से भागकर रायबरेली पहुंचे और कह रहे हैं कि यह मेरी मम्मी की सीट है। उनकी माता कह रही हैं कि वह अपने बेटे को रायबरेली सौंप रही हैं। क्या इन्हें रायबरेली के लिए 50-60 साल से सेवा करने वाला एक भी कार्यकर्ता नहीं मिला?

See also  चुनाव से पहले भगदड़, भाजपा नेता ने पार्टी से दिया इस्तीफा

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी बताते हुए कहा कि उन्होंने अनगिनत घोटालों में रिकॉर्ड बनाए, उनकी सहयोगी आरजेडी ने नौकरी के बदले गरीबों से उनकी जमीनें लिखवा ली और झामुमो ने उनसे यही चरित्र सीखा। झामुमो ने झारखंड में जमीन घोटाला किया, गरीब आदिवासियों की जमीनें हड़पीं और सेना की जमीन हड़पने की कोशिश की। हम जमशेदपुर के धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट बनाना चाहते हैं, लेकिन झामुमो और कांग्रेस वाले इसमें रोड़े अटकाने की कोशिश कर रहे हैं।