नई दिल्ली। ओम बिरला एक बार फिर लोकसभा अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पीकर के तौर पर उनके नाम का प्रस्ताव रखा था। जिसका एनडीए के सभी सांसदों ने समर्थन किया। ओम बिरला को लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर पीएम मोदी के बाद राहुल गांधी ही थे जिन्होंने उन्हें हाथ मिलाकर बधाई दी। पीएम मोदी और राहुल गांधी एक साथ नए लोकसभा अध्यक्ष को सदन के आसन तक लेकर गए। लोकसभा में बोलते हुए विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ओम बिरला को स्पीकर बनने पर शुभकामनाएं दीं।

‘विपक्ष देश की आवाज उठाता है.. आप हमें बोलने का मौका देंगे’

राहुल गांधी ने कहा कि अध्यक्ष जी मैं आपको लगातार दूसरी बार चुने जाने के लिए आपको बधाई देता हूं। मैं आपको पूरे विपक्ष की तरफ से आपको बधाई देता हूं। अध्यक्ष जी यह सदन भारत के लोगों की आवाज की उम्मीद है। सरकार के पास राजनीतिक शक्ति होती है। विपक्ष देश की आवाज को उठाता है। इस बार मुझे उम्मीद है कि आप हमें बोलने का मौका देंगे। सवाल ये नहीं है कि सदन में कितना काम होता है, सवाल ये है कि कितना बोलने की आजादी दी जाती है। इस चुनाव में भारत के लोग विपक्ष से संविधान की रक्षा करने की उम्मीद कर रहे हैं। आप भी संविधान की रक्षा करेंगे।

See also  दलेश्वर साहू-डोंगरगांव विधानसभा चुनाव 2023

हम चाहते हैं सदन अच्छी तरह से चले- राहुल

राहुल गांधी ने आगे कहा कि इस बार विपक्ष ने पिछली बार की तुलना में भारतीय लोगों की आवाज का अधिक प्रतिनिधित्व किया है। विपक्ष आपके काम करने में आपकी सहायता करना चाहेगा। हम चाहते हैं कि सदन अक्सर और अच्छी तरह से चले। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विश्वास के आधार पर सहयोग हो। यह बहुत महत्वपूर्ण है कि विपक्ष की आवाज को इस सदन में प्रतिनिधित्व दिया जाए।