रांची। झारखंड के सीएम चंपई सोरेन ने पद से इस्तीफा दे दिया है। राजभवन पहुंचकर वे राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिले और अपना इस्तीफा सौंपा। साथ ही हेमंत सोरेन ने सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया है। गठबंधन के विधायकों की सर्वसम्मति के बाद हेमंत तीसरी बार प्रदेश के सीएम पद की शपथ लेंगे।

झामुमो (Jharkhand Mukti Morcha) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन गठबंधन के विधायकों की सर्वसम्मति के बाद तीसरी बार प्रदेश के सीएम के रूप में वापसी करेंगे। गठबंधन के नेताओं और विधायकों की सीएम चंपई सोरेन के आवास पर बैठक हुई। इसमें सर्वसम्मति से हेमंत को झामुमो विधायक दल का नेता चुनने का फैसला हुआ.

बैठक में चंपई सोरेन की जगह हेमंत को सीएम बनाने का फैसला लिया गया है। इस दौरान झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ ही हेमंत सोरेन के भाई बसंत और पत्नी कल्पना भी मौजूद थीं। अब अगर हेमंत मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हैं तो वो झारखंड के 13वें मुख्यमंत्री होंगे.

See also  Bengal Election 2026: अमित शाह का बड़ा दावा, पहले चरण में ही BJP जीतेगी 110+ सीटें

गौरतलब है कि कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद हेमंत सोरेन को गिरफ्तारी के लगभग पांच महीने बाद 28 जून को जेल से रिहा किया गया। गिरफ्तारी से पहले 31 जनवरी को हेमंत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। ईडी ने जब हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया, इसके बाद उनके करीबी सहयोगी चंपई सोरेन को राज्य की बागडोर सौंपी गई थी। चंपई ने दो फरवरी को झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।