टीआरपी डेस्क। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में रविवार देर रात दो गुटों में झड़प हो गई। 10 से ज्यादा लड़कों ने एक युवक पर हमला कर उसे चाकुओं से गोद दिया। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसने दम तोड़ दिया।

वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति है। सूचना मिलने के बाद पुलिस फोर्स मौके पर और अस्पताल में तैनात है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही युवकों के बीच आपस में विवाद हुआ था। इसकी रिपोर्ट भी मनेंद्रगढ़ कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। 

पहले हुए विवाद को लेकर हुई मारपीट

बताया जा रहा है कि, मनेंद्रगढ़ के आमाखेरवा में बिजली दफ्तर के पास रात करीब 10.30 बजे मयूर जसूजा (19) अपने 5 अन्य साथियों के साथ बैठा था। इस बीच बदन सिंह मोहल्ले के 10 युवक हथियारों से लैस होकर पहुंच गए। युवकों के दोनों गुटों के बीच दो दिनों पहले हुई मारपीट को लेकर विवाद होने लगा। आरोप है कि इस दौरान रवि यादव सहित अन्य युवकों ने मयूर जसूजा पर हमला कर दिया।

See also  छत्तीसगढ़ में फिशरीज़ के नए युग की शुरूआत, हसदेव के जलाशयों में बनेगा राज्य का पहला Aqua Park

बाकी दोस्त जान बचाकर भागे

मयूर के अन्य दोस्तों पर भी हमले की कोशिश की गई, लेकिन वे भाग गए। चाकुओं से मयूर जसूजा के पेट, सीने और सिर पर वार किया गया। इसके चलते मयूर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर भाग निकले। उनके जाने के बाद मयूर के दोस्तों ने रात करीब 11 बजे उसे सीएचसी मनेंद्रगढ़ ले गए, लेकिन जान नहीं बचाई जा सकी। 

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल रात को ही अस्पताल पहुंच गया था। मयूर जसूजा के परिजन मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर पुलिस पर भी लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। परिजनों का कहना है कि, शिकायत के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। 

आधा दर्जन युवक हिरासत में, अन्य फरार

युवक की हत्या के बाद मनेंद्रगढ़ पुलिस अधिकारी भी सक्रिय हुए। हमलावरों के गुट के छह युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है एवं अन्य युवक फरार हो गए हैं। पुलिस अन्य युवकों की तलाश कर रही है। मामले की जांच की जा रही है।

See also  CG Municipal Elections Update : 10 जिलों के 15 निकायों में जानिए कहां हुआ कितना प्रतिशत मतदान