रायपुर। संभागायुक्त महादेव कावरे का दफ्तरों में औचक निरीक्षण जारी हैं। आज सोमवार को उन्होने रायपुर के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी (SDM) और तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। कावरे सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय पहुंचे और उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से राजस्व प्रकरणों की जानकारी तलब की। इस दौरान संभागायुक्त ने काफी समय से आदेश के लिए लंबित रखे गए प्रकरणों का भी अवलोकन किया और बिना किसी उचित कारण के आदेश लंबित रखने पर नाराजगी जताई और एसडीएम नंदकुमार चौबे को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

‘सिटीजन चार्टर’ का पालन करने का निर्देश दिया

दरअसल प्रदेश के शासकीय कार्यालयों में सिटीजन चार्टर लागू है। इसके तहत अलग-अलग आवेदन के निपटारे के लिए तिथि निर्धारित है, मगर देखा जा रहा है कि अधिकांश राजस्व कार्यालयों में सिटीजन चार्टर के निर्देशों को रद्दी की टोकरी में दाल दिया गया है। कमिश्नर कावरे ने SDM कार्यालय में राजस्व संबंधी विवादित-अविवादित प्रकरणों का जल्द निपटारा करने के निर्देश अधिकारियों को दिये ताकि लंबित प्रकरणों की संख्या कम हो और लोगों को सहुलियत मिले। कावरे ने कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और जल्द समाधान करने को कहा ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर ना काटना पड़े। उन्होंने कहा कि आवश्यकता होने पर ही पक्षकार को बुलाया जाकर प्रकरणों पर त्वरित आदेश पारित करें। संभागायुक्त ने बटांकन के लिए अभियान चलाकर निपटारा करने और सीमांकन के प्रकरणों का समय-सीमा में समाधान करने के निर्देश भी दिए।

See also  छत्तीसगढ़ के 22 जवानों और अफसरों को मिलेगा पुलिस पदक, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जारी की सूची

टूटे-फूटे मिले फर्नीचर

संभागायुक्त महादेव कावरे को इस कार्यालय में टूटे-फूटे फर्नीचर मिले। उन्होंने इन कुर्सी, टेबलों-फर्नीचर की तत्काल मरम्मत कराने को कहा। कावरे ने कर्मचारियों के टेबलों पर पद तथा नाम प्रदर्शित करने वाली पट्टिकायें भी लगाने के निर्देश दिए।

टाईम टेबल बनाकर आवेदकों को बुलाने का सुझाव

संभागायुक्त ने एसडीएम कार्यालय के अधिकारियों को टाईम टेबल बनाकर आवेदकों को बुलाने का सुझाव दिया। उन्होंने आवक-जावक शाखा का भी निरीक्षण किया और रिकार्ड दुरूस्त रखने और स्टॉक पंजी संधारण करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त ने स्टॉक के वेरिफिकेशन का सुझाव भी दिया। उन्होंने नजूल शाखा के निरीक्षण के दौरान कैश बुक और पंजीकरण रजिस्टर दुरूस्त रखने के निर्देश दिए।

तहसील कार्यालय में भी मिली खामियां

कमिश्नर कावरे ने रायपुर तहसील कार्यालय में कानूनगो, वित्त, नाजिर शाखा, डब्ल्यूबीएन, रिकार्ड रूम सहित विभिन्न शाखाओं में संधारित पंजियों और दस्तावेजों का निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने तहसीलदार न्यायालय के प्रकरणों को बारिकी से जांचा और कई प्रकरणों के ऑनलाईन पंजीयन नहीं होना पाये जाने पर तहसीलदार पवन कोसमा को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

See also  ईद का त्यौहार लॉकडाउन का पालन करते हुए मनाएं, वक्फ बोर्ड ने जारी किया निर्देश

समय-सीमा में निपटाएं काम

कावरे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों को नांमाकन, सीमांकन इत्यादि प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निपटारा करने के निर्देश दिये। उन्होंने आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र भी निर्धारित समय-सीमा में बनाने को कहा। संभागायुक्त ने सीमांकन, अतिक्रमण, व्यवस्थापन, नक्शा का बटांकन आदि के संबंध में भी आवश्यक निर्देश तहसीलदार को दिए। उन्होंने तहसील कार्यालय के डब्ल्यूबीएन में उचित ढंग से कार्य करने, पंजियों का संधारण पश्चात आवश्यक प्रवृष्टि करने तथा उसकी तहसीलदार को समय-समय पर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।