EOW-acb

CG ACB Raid: छत्तीसगढ़ एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) ने आज एक बड़ी कार्रवाई करते हुए छह जिलों में एक साथ दबिश दी। इस छापेमारी में गांजा तस्करी में लिप्त तीन जीआरपी के सिपाही और रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार लेखा अधिकारी भी शामिल हैं।

एसीबी ने छापेमारी के लिए रायपुर और बिलासपुर में आधा दर्जन से अधिक टीमें बनाई थी। रविवार का दिन होने और मौसम में बारिश की वजह से लोग सुबह-सुबह दरवाजे की बेल बजने पर समझ नहीं पाए कि इतने जल्दी कौन आया। जब लोगों ने आंखें मलते हुए दरवाजा खोला तो सामने एसीबी अफसर और पुलिसकर्मी खड़े थे।

बिलासपुर जिले में गांजा तस्करी करते हुए पकड़े गए जीआरपी के आरक्षकों मन्नू प्रजापति, संतोष कुमार राठौर और लक्ष्मण गाइन के खिलाफ एसीबी ने आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच शुरू की। एसीबी ने इनके ठिकानों और संबंधित स्थानों पर रायपुर और बिलासपुर की 6 टीमों के साथ छापेमारी की। इस दौरान इन तीनों के घरों से लाखों रुपये के आभूषण, संपत्ति के दस्तावेज, कई बैंक अकाउंट और निवेश से संबंधित कागजात बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों की जांच और अग्रिम कानूनी कार्रवाई जारी है।

See also  Railway Recruitment 2021: रेलवे में नौकरी का सुनहरा अवसर, जाने कैसे करें अप्लाई

12 सितंबर को जनपद पंचायत बोड़ला, जिला कवर्धा के सहायक लेखा अधिकारी नरेन्द्र कुमार राउतकर को एसीबी रायपुर की टीम ने एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया था। जांच में पाया गया कि आरोपी ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसके बाद उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में अपराध दर्ज किया गया। एसीबी ने कवर्धा और राजनांदगांव जिलों में तीन स्थानों पर छापेमारी की, जहां से आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर कई एकड़ जमीन, प्लॉट, मकान और बैंक अकाउंट से संबंधित दस्तावेज प्राप्त हुए। इन दस्तावेजों का विश्लेषण और कानूनी कार्रवाई जारी है।