टीआरपी डेस्क। सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा’ के अभिनेता अल्लू अर्जुन को हैदराबाद के संध्या थिएटर में हुई भगदड़ के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह भगदड़ फिल्म ‘पुष्पा 2’ की प्री-रिलीज स्क्रीनिंग के दौरान 4 दिसंबर को हुई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई। इस घटना को लेकर चिक्कडपल्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। आज पुलिस ने अल्लू अर्जुन को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए चिक्कडपल्ली थाने ले गई।

बता दें कि 4 दिसंबर को ‘पुष्पा 2’ की स्क्रीनिंग के दौरान संध्या थिएटर में भारी भीड़ जमा हो गई थी। भीड़ को संभालने में हुई चूक के कारण भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में एक महिला की जान चली गई। इसके बाद महिला के परिजनों ने अल्लू अर्जुन और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया।

वहीं इस मामले में अल्लू अर्जुन ने 11 दिसंबर को हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर को खारिज करने की मांग की। अभिनेता ने कहा कि किसी फिल्म की रिलीज के मौके पर थिएटर में आना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार थिएटर विजिट किए हैं, लेकिन ऐसा हादसा कभी नहीं हुआ।

See also  जब फैशन शो में रैंप पर चले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया : राजनीति की पिच छोड़ छा गए फैशन के रैंप पर, मॉडल भी हुए 'फेल'

अर्जुन के मुताबिक, उन्होंने थिएटर प्रबंधन और स्थानीय एसीपी को पहले ही सूचित कर दिया था कि वह थिएटर में आने वाले हैं।अल्लू अर्जुन ने यह भी कहा यह कहना गलत है कि भगदड़ सिर्फ उनके आने की वजह से हुई। उन्होंने इस मामले को उनके खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया का दुरुपयोग बताया।

अर्जुन का कहना है कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसमें महिला की मौत का उन्हें दुख है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ मामला दर्ज करना उनके सम्मान और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की कोशिश है। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया है कि उनके खिलाफ दर्ज मामले को तुरंत खत्म किया जाए।

पुलिस ने एफआईआर में कहा है कि अल्लू अर्जुन के आने की जानकारी से थिएटर में भीड़ बढ़ गई थी। प्रबंधन भीड़ को संभालने में असमर्थ था, जिसके कारण भगदड़ हुई। पुलिस का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आयोजकों और अभिनेता को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे।

See also  Dream Girl 2 की एडवांस बुकिंग ने पकड़ी रफ्तार