रायपुर। छत्तीसगढ़ में आगामी नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियां भाजपा ने पूरी कर ली हैं। पार्टी 25 जनवरी तक नगर निगम के महापौर, पालिकाओं के अध्यक्ष, नगर पंचायतों के अध्यक्ष और पार्षदों के लिए उम्मीदवारों का चयन कर उनके नामों की घोषणा कर सकती है।

महापौर और अध्यक्ष प्रत्याशियों का चयन ऐसे होगा

महापौर प्रत्याशियों के चयन की जिम्मेदारी प्रदेश चयन समिति पर होगी। नगर निगमों के लिए जिलों से प्रत्याशियों के पैनल संभागीय समिति को भेजे जाएंगे। इसके बाद संभागीय समिति से ये पैनल प्रदेश चयन समिति तक पहुंचेंगे। प्रदेश चयन समिति इन नामों पर मंथन कर अंतिम निर्णय लेगी। यदि आवश्यक हुआ, तो नामों की घोषणा से पहले राष्ट्रीय संगठन से मंजूरी भी ली जा सकती है।

पालिका अध्यक्ष के लिए प्रत्याशी चयन में संभागीय समिति की भूमिका अहम होगी। जिलों से आए पैनल पर संभागीय समिति फैसला करेगी, लेकिन इसे प्रदेश समिति की स्वीकृति आवश्यक होगी। अनुमोदन मिलने के बाद संभागीय समिति पालिका अध्यक्षों के नामों का ऐलान करेगी।

See also  आचार संहिता का पालन कराने आये 'पर्यवेक्षक' खुद ही करते रहे उल्लंघन : शिकायत मिलने पर निर्वाचन आयोग ने 3 को हटाया

नगर पंचायत अध्यक्ष और पार्षद प्रत्याशियों का चयन भी संभागीय समिति करेगी। इनके नामों की घोषणा जिला स्तर पर की जाएगी।

निकाय और पंचायत चुनाव पहली बार एक साथ

इस बार राज्य में पहली बार नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ आयोजित हो रहे हैं। हालांकि, दोनों चुनावों के मतदान में अधिक अंतर नहीं होगा। पहले नगरीय निकाय चुनाव होंगे, इसके बाद पंचायत चुनाव आयोजित किए जाएंगे।

दावेदारों की सक्रियता बढ़ी

बता दें कि चुनाव की तैयारियों के बीच विभिन्न पदों के लिए दावेदारों के नाम सामने आने लगे हैं। जिलों और संभागों के प्रभारियों के पास प्रत्याशी दावेदारी पेश करने पहुंच रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि भाजपा संगठन चुनावी प्रक्रिया में तेजी लाने और मजबूत रणनीति के साथ मैदान में उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है।