Saif Ali Khan Attack: मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को ठाणे से गिरफ्तार किया और उसकी पूछताछ में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी के पास भारतीय नागरिकता का कोई प्रमाण या दस्तावेज नहीं है, और उसके बांग्लादेशी नागरिक होने का शक जताया जा रहा है।

आरोपी के पास भारतीय दस्तावेज नहीं

मुंबई पुलिस के डीसीपी, जोन 9, दीक्षित गेडाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “प्रारंभिक जांच के बाद हमें यह पता चला है कि आरोपी बांग्लादेशी हो सकता है। उसके पास भारतीय दस्तावेज नहीं हैं और यह अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। उसने अपना नाम बदलकर विजय दास रख लिया था।”

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद (30 साल) मुंबई में एक रेस्तरां में हाउसकीपिंग का काम करता था। वह 5-6 महीने पहले भारत आया था और कुछ समय बाद मुंबई और आसपास के इलाकों में रहने लगा था। 15 दिन पहले वह फिर से मुंबई लौटा था।

See also  अजय की फिल्म 'तानाजी द अनसंग वॉरियर' की कमाई 100 करोड़ से बस कुछ दूर

सैफ अली खान पर हमला

गुरुवार (16 जनवरी) की रात करीब 2:00 बजे आरोपी ने सैफ अली खान के घर में चोरी के इरादे से घुसने की कोशिश की। हालांकि, सैफ की घर की काम करने वाली बाई ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया, जिससे आरोपी ने सैफ पर हमला करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से चाकू, कैंची और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ है।

सैफ अली खान को गंभीर चोटें आईं, जिनमें उनकी थोरासिक स्पाइन पर गहरे घाव शामिल हैं। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी सर्जरी हुई। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे आईसीयू से सामान्य वार्ड में शिफ्ट हो चुके हैं।

नाम बदलकर छिपा रहा था आरोपी

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर रहा था। उसने अपने नाम को विजय दास, बिजॉय दास और मोहम्मद इलियास के तौर पर बदल लिया था। वर्तमान में आरोपी को खार पुलिस स्टेशन में हिरासत में लिया गया है।

See also  कुशाभाऊ ठाकरे के प्रो.शाहिद अली पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज, फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी का आरोप