रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की बसना नगर पंचायत में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ी सफलता मिली है। भाजपा प्रत्याशी डॉ. खुशबू अग्रवाल नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं।

शुक्रवार को नाम वापसी की आखिरी तारीख तक कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए, जिससे भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत सुनिश्चित हो गई। कांग्रेस की तुलसी गौतम बंजारा और आम आदमी पार्टी की आमरीन गीगानी सहित अन्य प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस जीत के बाद नगर में विजय रैली निकालकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जनता का आभार व्यक्त किया।

रायगढ़ में भी भाजपा को फायदा, कांग्रेस को झटका

रायगढ़ जिले के वार्ड नंबर 18 में भी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा, जहां कांग्रेस प्रत्याशी शीला साहू ने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी पूनम सोलंकी निर्विरोध पार्षद बन गईं।

See also  एक बार फिर सफर पर ब्रेक...राजधानी से गुजरने वाली 12 ट्रेनें हुईं रद्द

टिकट बंटवारे से जगदलपुर में कांग्रेस-भाजपा में बगावत के आसार

जगदलपुर में नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में असंतोष देखने को मिल रहा है। पार्षदों की सूची जारी होने के बाद कई नेताओं के टिकट कटने से नाराजगी बढ़ गई है। नाराज नेताओं ने पार्टी से हटकर नामांकन दाखिल कर दिया है, जिससे दोनों दलों के लिए समीकरण बिगड़ने की संभावना है।

भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाराज कार्यकर्ताओं को मनाने में जुटे हैं, लेकिन यदि हालात नहीं संभले तो कई नेता बागी होकर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं, जिससे दोनों दलों के लिए स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है।