टीआरपी डेस्क। बलौदाबाजार नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेत्री अंजू जैन का रविवार देर रात रायपुर के एक निजी अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन की धर्मपत्नी थीं। महज दो दिन पहले ही अशोक जैन के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नगर में विजय जश्न मनाया गया था, जिसमें परिवार और समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था। उनके निधन की खबर से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई है।

आज होगा अंतिम संस्कार

नगर पालिका चुनाव से पहले ही अंजू जैन की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को उनकी हालत और गंभीर हो गई और देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर आज बलौदाबाजार लाया जाएगा, जहां दोपहर 1 बजे उनके निवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। अंतिम संस्कार रायपुर रोड स्थित मोक्षधाम में किया जाएगा।

See also  CG News : प्रदेश के महिला कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित, देखें लिस्ट

मंत्री टंकराम वर्मा ने जताया शोक

बलौदाबाजार के विधायक और छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने अंजू जैन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंजू जैन का जाना नगर के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे मिलनसार और समाजसेवा में समर्पित थीं। मंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।