रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के सुहेला तहसील में एक किसान ने अपने बेटे के साथ कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इस गंभीर मामले में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सुहेला तहसीलदार कुणाल सेवईया को निलंबित कर दिया है। इस संबंध में आज महानदी भवन मंत्रालय से आदेश जारी किया गया, जिसके तहत निलंबित तहसीलदार को बस्तर मुख्यालय अटैच किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

12 मार्च को किसान ने तहसील कार्यालय परिसर में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। परिजनों के अनुसार, वह अपनी जमीन के कब्जे को लेकर लंबे समय से तहसील कार्यालय के चक्कर काट रहा था, लेकिन समाधान नहीं मिल रहा था। किसान का आरोप है कि तहसीलदार ने उसे धमकाया और जेल भेजने की चेतावनी दी, जिससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया। फिलहाल, किसान की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वह रायपुर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।

See also  रायपुर एयरपोर्ट पर कोरोना की लैंडिंग: इंडिगो एयरलाइंस के 20 कर्मचारी पाजिटिव

कांग्रेस नेताओं ने जाना हालचाल

इस घटना के बाद प्रशासन पर सवाल उठने लगे और विपक्ष ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया। कांग्रेस की पांच सदस्यीय जांच टीम ने रायपुर पहुंचकर पीड़ित किसान से मुलाकात की और उसकी स्थिति का जायजा लिया। अब यह टीम सुहेला तहसील का दौरा कर मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।