टीआरपी डेस्क। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के परिवार में गोलीबारी की घटना सामने आई है। मंत्री के बहनोई गुल्लो यादव के दो बेटों, विकल और जयजीत, के बीच हुए विवाद में गोलीबारी हो गई, जिसमें विकल की मौत हो गई, जबकि जयजीत और उनकी मां घायल हो गईं।

पानी को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, पानी को लेकर विकल और जयजीत के बीच झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि विकल पिस्तौल लेकर आया और जयजीत पर गोली चला दी। गोली लगने से जयजीत घायल हो गया, लेकिन उसने संघर्ष करते हुए विकल से पिस्तौल छीन ली और उसी से विकल को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मंत्री की बहन भी हुईं घायल

इस गोलीबारी में नित्यानंद राय की बहन को भी गोली लग गई, जिन्हें गंभीर हालत में डॉक्टर एनके यादव के क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। जयजीत की हालत भी नाजुक बनी हुई है और उसे अस्पताल में इलाज दिया जा रहा है।

See also  छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली इन ट्रेनों में यात्रियों को मिलेगी कंफर्म टिकट की सुविधा, लेकिन कुछ ट्रेनों की रद्द होने से बढ़ेगी परेशानी

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रेंज आईजी विवेक कुमार और नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर पुलिस जांच में जुट गई है।

एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया,”हमें सूचना मिली कि भागलपुर के नवगछिया स्थित जगतपुर गांव में दो भाइयों के बीच गोलीबारी हुई है। SHO मौके पर पहुंचे। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा इलाजरत है। घटना में दोनों भाइयों की मां को भी गोली लगने की जानकारी मिली है। उनका इलाज भी जारी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि विवाद नल के पानी को लेकर हुआ था।”