अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ शासन ने सरगुजा संभाग में नकली खाद और बीज की बिक्री की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाए हैं। कृषि आयुक्त के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय स्टेट लेवल टीम का गठन किया गया है।

जांच दल की जिम्मेदारी और कार्यक्षेत्र

नवनियुक्त जांच टीम में उपसंचालक और सहायक संचालक स्तर के अधिकारी शामिल हैं। ये अधिकारी सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया, जशपुर और एमसीबी जिलों में खाद-बीज की दुकानों की सघन जांच करेंगे।

जिलों में गठित उड़न दस्ता टीम

स्टेट लेवल टीम के गठन के बाद संबंधित जिलों के कृषि उपसंचालकों ने भी अपनी उड़न दस्ता टीमें तैयार की हैं। इनमें सरगुजा और बलरामपुर जिले की विशेष टीमें शामिल हैं। हालांकि, उड़न दस्ता टीम को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है, क्योंकि इसमें वही अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं, जिन पर नकली खाद-बीज और कीटनाशक विक्रेताओं को संरक्षण देने के आरोप लगते रहे हैं।

व्यापारियों और अधिकारियों में हड़कंप

हर साल सरगुजा संभाग में करोड़ों रुपए का नकली खाद और बीज बेचा जाता है। स्टेट लेवल जांच टीम के गठन से ऐसे व्यापारियों और उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया है। अब देखना होगा कि यह टीम जांच में कितनी प्रभावी साबित होती है और दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है।

See also  सोशल मीडिया में हेट स्पीच रोकने बेमेतरा कलेक्टर ने बनाई टीम, कवर्धा की घटना के बाद उठाये गए एहतियाती कदम