टीआरपी डेस्क। देश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब पुलिस ने एक और जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तरनतारन जिले से गगनदीप सिंह उर्फ गगन को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और खालिस्तान समर्थक तत्वों के लिए भारत की संवेदनशील सैन्य जानकारी साझा कर रहा था।

पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि यह गिरफ्तारी काउंटर-इंटेलिजेंस पंजाब से मिली सूचना के आधार पर की गई है। तरनतारन पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस विंग की संयुक्त कार्रवाई में इस नेटवर्क को ध्वस्त किया गया।

ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी सूचनाएं लीक कर रहा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि गगनदीप सिंह ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेना की गतिविधियों, तैनाती, और अन्य संवेदनशील जानकारियों को पाकिस्तान स्थित आईएसआई एजेंटों को भेज रहा था। शुरुआती पूछताछ में यह भी पता चला है कि वह बीते पाँच वर्षों से पाकिस्तान में सक्रिय खालिस्तानी समर्थक गोपाल सिंह चावला के संपर्क में था।

See also  सीएम भगवंत मान ने 36 प्रधानाचार्यों को प्रशिक्षण के लिए भेजा सिंगापुर 

चावला ने ही उसे पाकिस्तानी खुफिया अधिकारियों (PIOs) से जोड़ा, जिनके माध्यम से गगनदीप को पैसे और निर्देश मिलते थे। एक विशेष मोबाइल डिवाइस के माध्यम से वह सीधे आईएसआई नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। पुलिस के मुताबिक उसके 20 से अधिक आईएसआई एजेंटों से संपर्क होने की पुष्टि हो चुकी है।

आरोपी के पास से खुफिया संचार से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक सबूत भी बरामद किए गए हैं। तरनतारन पुलिस स्टेशन में गगनदीप के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम (Official Secrets Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पंजाब पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि यह गिरफ्तारी बड़े जासूसी नेटवर्क का एक सिरा हो सकती है और निकट भविष्य में और भी गिरफ्तारियाँ संभव हैं।