खेल डेस्क। आईपीएल 2025 का फाइनल क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास बन गया, क्योंकि इस बार हमें नया चैंपियन मिला — रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB)। करीब दो दशकों की प्रतीक्षा, उम्मीदों और निराशाओं के बाद आरसीबी ने आखिरकार अपना सपना सच कर दिखाया और आईपीएल ट्रॉफी पहली बार अपने नाम कर ली।

पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए इस बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने 6 रन से जीत दर्ज की। एक समय “चोकर्स” के नाम से जानी जाने वाली यह टीम अब विजेता कहलाने लगी है। यह आरसीबी का चौथा फाइनल था — इससे पहले तीन बार ट्रॉफी उनकी आंखों के सामने से फिसल चुकी थी। लेकिन इस बार किस्मत और मेहनत दोनों ने उनका साथ दिया।

बता दे टॉस जीतकर पंजाब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और आरसीबी की पारी को 190 रन पर रोक दिया। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी अपेक्षाकृत धीमी रही उन्होंने 35 गेंदों में सिर्फ तीन चौके लगाए और 18 डॉट गेंदें खेलीं। आरसीबी की शुरुआत हालांकि ठीक-ठाक रही, लेकिन टीम 200 के पार नहीं जा सकी। अंत के ओवरों में पंजाब के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए आरसीबी की रनगति पर ब्रेक लगाया।

See also  अहमदाबाद में महामुकाबला! मुंबई इंडियंस की साख दांव पर, क्या रोहित की वापसी रोकेगी गुजरात का विजय रथ? देखें संभावित प्लेइंग-11

पंजाब के लिए काइल जैमीसन और अर्शदीप सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए। खास तौर पर अर्शदीप ने अंतिम ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ तीन रन दिए और तीन विकेट चटकाए, जिससे आरसीबी बड़ा स्कोर नहीं बना सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 43 रन जोड़े। लेकिन इसके बाद हेजलवुड ने प्रियांश आर्य (24) को आउट कर पंजाब को पहला झटका दिया। 79 के स्कोर पर प्रभसिमरन आउट हुए, और कप्तान श्रेयस अय्यर केवल एक रन बनाकर चलते बने।

मैच का टर्निंग पॉइंट बना ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या का स्पेल। उन्होंने चार ओवर में महज 17 रन देकर दो अहम विकेट चटकाए। पहले उन्होंने सेट बल्लेबाज जोश इंगलिस (39) को आउट किया, फिर 17वें ओवर में दो और विकेट लेकर पंजाब की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

हालांकि आखिरी ओवर तक मुकाबला कांटे का बना रहा। पंजाब को अंतिम ओवर में 12 रन की दरकार थी, लेकिन भुवनेश्वर, शेफर्ड और क्रुणाल के आउट होते ही टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 184 रन ही बना सकी और 6 रन से फाइनल हार गई।

See also  ममता बनर्जी ने इस्तीफे से किया इनकार और कहा- मैं हारी नहीं, मुझे हराया गया है, किया हैरान करने वाला खुलासा

विराट कोहली के लिए यह जीत बेहद भावुक क्षण था। आईपीएल के पहले सीजन से टीम से जुड़े विराट को यह खिताब दिलाने की चाह लंबे समय से थी। जैसे ही जीत पक्की हुई, वे मैदान पर बैठकर रो पड़े यह नज़ारा करोड़ों फैन्स के दिल को छू गया। 18 साल में यह आरसीबी की चौथी फाइनल उपस्थिति थी, लेकिन पहली बार उन्होंने ट्रॉफी उठाई।

मैच के दौरान आरसीबी की बल्लेबाज़ी में स्थिरता की कमी देखी गई। फिल साल्ट (16) और मयंक अग्रवाल (24) जैसी पारियां तो बनीं, लेकिन कोई भी बल्लेबाज लंबा नहीं टिक सका। रजत पाटीदार (26), लियाम लिविंगस्टन (25) और जितेश शर्मा (24) भी अच्छी शुरुआत को भुना नहीं सके। हालांकि, गेंदबाजों ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी।

आईपीएल 2025 की यह रात न केवल आरसीबी के फैन्स के लिए बल्कि पूरे टूर्नामेंट के इतिहास के लिए यादगार बन गई। लाल जर्सी में 17 साल से खिताब का इंतजार कर रहे समर्थकों को आखिरकार जश्न मनाने का मौका मिल गया।

See also  लालू प्रसाद यादव के ‘परिवारवाद’ तंज पर सीएम विष्णु देव साय ने कहा…