तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र में पटवारी सुरेश मिश्रा ने फांसी लगा ली। बताया जा रहा है कि उन्होंने जोंकी स्थित फार्महाउस में रस्सी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से सुसाइड नोट भी बरामद किया है।

दो दिन बाद होने वाले थे रिटायर

मृतक सुरेश मिश्रा तखतपुर तहसील के राजस्व विभाग में बतौर पटवारी कार्यरत थे और भाड़म पंचायत का प्रभार संभाल रहे थे। तीन दिन पहले ही भारतमाला प्रोजेक्ट में गड़बड़ी को लेकर एसडीएम ने उन्हें निलंबित किया था। इस मामले का सबसे दुखद पहलु यह है कि पटवारी सुरेश मिश्रा दो दिन बाद यानी 29 जून को सेवानिवृत्त होने वाले थे, मगर उससे पहले ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

तीन दिन पहले ही किये गए थे निलंबित

जानकारी के मुताबिक, पटवारी सुरेश मिश्रा को 24 जून को भारतमाला प्रोजेक्ट में अनियमितता के चलते निलंबित किया गया था इसके साथ ही उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराइ गई थी। यह भी बताया जा रहा है कि बीते छह महीनोंमें वह दो बार निलंबन की कार्रवाई का सामना कर चुके। घटना की जानकारी मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की।

See also  छत्तीसगढ़ में कोरोना वैक्सीन की बूंद-बूंद का हो रहा उपयोग... वेस्टेज डोज का प्रतिशत राष्ट्रीय औसत से बहुत कम

यह मामला सकरी थाना क्षेत्र का है। मौके पर मौजूद जांच अधिकारी ने बताया कि सुसाइड नोट पर मृतक ने लिखा है कि वे भारतमाला परियोजना के मामले में निर्दोष हैं। पुलिस ने पंचनामे के बाद सुरेश मिश्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भिजवा दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।