टीआरपी डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को तीन अहम संवैधानिक पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है, जिससे गोवा, हरियाणा और लद्दाख में प्रशासनिक नेतृत्व को नया चेहरा मिला है। यह नियुक्तियाँ तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

लद्दाख को मिला नया उपराज्यपाल
जम्मू-कश्मीर के वरिष्ठ भाजपा नेता कविंदर गुप्ता को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वे ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा (सेवानिवृत्त) की जगह लेंगे, जिनका इस्तीफा राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। गुप्ता जम्मू के तीन बार मेयर रह चुके हैं और 2018 में पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री भी रहे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से भी लंबे समय से जुड़े हैं।

हरियाणा के नए राज्यपाल: प्रोफेसर अशीम कुमार घोष
वरिष्ठ शिक्षाविद और भाजपा नेता प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल के रहने वाले घोष राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रहे हैं और भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष (1999-2002) के रूप में पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने में सफल रहे। उन्हें त्रिपुरा का पर्यवेक्षक भी बनाया गया था।

See also  मोदी सरकार के ड्रीम प्रॉजेक्ट नमामी गंगे में बिहार के नीतीश सरकार विफल

गोवा के संवैधानिक प्रमुख बने पुसापति अशोक गजपति राजू
पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल बनाया गया है। तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) से ताल्लुक रखने वाले राजू आंध्र प्रदेश की राजनीति में दशकों से सक्रिय हैं और सात बार विधानसभा सदस्य रह चुके हैं। वे 2014 से 2018 तक केंद्रीय मंत्री रहे और कई बार आंध्र प्रदेश में कैबिनेट मंत्री की भूमिका निभा चुके हैं।

नवीन कुमार साहू को पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में 5 वर्ष से अधिक का अनुभव है। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय से Bachelor of Science (Electronic Media) और Master of Science (Electronic Media) की डिग्री हासिल की है। उन्होंने राजधानी रायपुर के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ काम किया है। उन्हें छत्तीसगढ़, राष्ट्रीय समाचार, राजनीति, शिक्षा, सरकारी योजनाओं, कारोबार, तकनीक और लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर लेखन का अनुभव है। वे तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार एवं लेख तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं। उनका उद्देश्य पाठकों तक सटीक और उपयोगी जानकारी सरल भाषा में पहुंचाना है।