राजनांदगांव। शहर के मानव मंदिर चौक से इंदिरा नगर चौक तक बनाई गई करोड़ों की सड़क पहली ही बारिश में दम तोड़ती नज़र आ रही है। यह सड़क सिर्फ दिखावे की विकास योजनाओं की पोल खोल रही है। सड़क के उखड़ते डामर, गड्ढे और राहगीरों के जूतों में डामर की चिपकती परतें, सड़क निर्माण में बड़ी लापरवाही का प्रमाण है।

नगर निगम द्वारा अधोसंरचना मद के अंतर्गत शहर की सड़कों में डामरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई थी। ठेकेदार संजय सिंगी को मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, आज़ाद चौक, इंदिरा नगर चौक सहित कई अन्य मार्गों के डामरीकरण का कार्य आदेश दिया गया था। लेकिन मानव मंदिर चौक से दुर्गा चौक तक बनी सड़क पहली बारिश में ही उखड़ती दिखाई देने लगी है।

ठेकेदार 4 बार जारी हुआ है नोटिस

आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता यूके रामटेके के माध्यम से ठेकेदार को नोटिस जारी करवाया है। यह चौथी बार है जब अप्रैल 2025 से मई 2025 के बीच ठेकेदार को इसी संबंध में नोटिस दिया गया है, बावजूद इसके अब तक सुधार कार्य नहीं किया गया है और न ही ठेकेदार की ओर से को जवाब पेश किया गय है।

See also  गृह मंत्री अमित शाह के बस्तर दौरे से पहले बस में चढ़े डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अधिकारियों के साथ खुद संभाली कमान

नोटिस में यह स्पष्ट किया गया है कि अनुबंध शर्तों के अनुसार ठेकेदार को सड़क निर्माण के उपरांत 3 वर्षों तक रख-रखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी निभानी होती है। यदि निर्देश के बावजूद सुधार कार्य नहीं किया गया तो ठेकेदार की सुरक्षा निधि और परफॉर्मेंस राशि राजसात कर ली जाएगी और संपूर्ण जिम्मेदारी ठेकेदार की ही होगी।

शहरवासियों के घरों तक पहुंच रहा डामर

स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने बताया कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। जूते-चप्पलों में डामर चिपककर घर तक जा रहा है, जिससे घरों और दुकानों में साफ सफाई रखना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार पर कठोर से कोठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

कटघरे में नगर निगम

शहर के बीचों-बीच खराब निर्माण कार्य को लेकर नगर निगम पर भी सवाल उठ खड़े हुए हैं। लोगों का आरोप है कि मामले में नगर निगम केवल नोटिस थमा कर लीपापोती कर रही है, को ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

See also  National Global Hunger Index: भुखमरी में 94वें नंबर से 101वें पर फिसला भारत, जानें पाक और नेपाल का हाल

डॉ. रमन सिंह ने स्वीकृत किया था मद

डॉ. रमन सिंह ने खुद 42 सड़कों के निर्माण के लिए 10 करोड़ की सौगात देते हुए निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सख्त निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि अगर निर्माण कार्य में लापरवाही पाई गई तो ठेकेदार, अधिकारी और संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा का आवास भी इसी मार्ग पर स्थित है और डॉ. रमन सिंह स्वयं इस क्षेत्र के विधायक हैं। ऐसे में अब देखना यह है कि क्या नगर निगम दोषियों पर कार्रवाई करेगा या यह मामला भी कई अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा ?