0 मामला उजागर होने पर पर्यावरण विभाग ने की कार्रवाई

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में फ्लाई एश डंप करने को लेकर घोटाला सामने आया है। दरअसल, NTPC से निकली फ्लाई एश लोडेड गाड़ियां, जो रायपुर के भारतमाला सड़क परियोजना और बलौदाबाजार के लिए भेजी गई थीं, लेकिन उन्हें रायगढ़ के कलमी गांव में जिंदल उद्योग की निजी भूमि पर अवैध रूप से गिराया जा रहा था।

शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई

पर्यावरण विभाग के जिला पर्यावरण अधिकारी अंकुर साहू ने बताया कि उन्हें जिंदल उद्योग की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनकी जमीन पर कुछ ट्रकों द्वारा अवैध रूप से फ्लाई ऐश डंपिंग की जा रही है। शिकायत मिलते ही विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुबह करीब 10 बजे ग्राम कलमी के पास छापा मारा, जहां छह ट्रकों को मौके से पकड़ा गया।

लगाया गया भारी-भरकम जुर्माना

इस मामले में पर्यावरण विभाग ने NTPC पर पर कुल ₹4,05,000 का जुर्माना लगाया है और सभी गाड़ियों को वापस एनटीपीसी लारा भेजने के निर्देश दिए हैं।

See also  ब्रेकिंग: भूकंप के झटकों से कांपा बिलासपुर, घरों से बाहर निकलकर भागे लोग

भारतमाला परियोजना की आड़ में भाड़ा बचाने की कोशिश

जांच में यह सामने आया कि ये सभी वाहन भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत बन रही सड़क परियोजना के लिए फ्लाई ऐश लेकर निकले थे। लेकिन निर्धारित स्थल रायपुर की बजाय, इन्हें रायगढ़ के ग्राम कलमी में उतारा जा रहा था। इससे साफ है कि कुछ ट्रांसपोर्टर अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से ईंधन और समय बचाने की मंशा से निर्धारित स्थान की बजाय पास की जगह पर फ्लाई ऐश डंप कर रहे थे।

एक ट्रासंपोर्टर ने बताया कि फ्लाई एश गाड़ियों को अगर रायगढ़ से रायपुर ले जाया जाता है, तो उसमें 30 हजार से अधिक का खर्च आता है। ऐसे में अगर इसे रास्ते में किसी अन्य जगह पर डंप कर दिया जाता है, तो वह खर्चा बच जाता है।

GPS से भी की गई गड़बड़ी

जानकारी के मुताबिक, जीपीएस को हैककर कहीं भी फ्लाई एश डंप कर दिया जा रहा है।ट्रांसपोर्टरों ने फ्लाई ऐश परिवहन में लगे GPS सिस्टम को भी धोखा देने के लिए एक ही गाड़ी में लगाया, ताकि अन्य गाड़ियों की लोकेशन को ट्रैक न किया जा सके। लेकिन जिंदल उद्योग की सजगता और पर्यावरण विभाग की सतर्कता के चलते यह गंभीर लापरवाही पकड़ी गई। अब इस लापरवाही का खामियाजा एनटीपीसी लारा को जुर्माने के रूप में भुगतना पड़ रहा है।

See also  फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्टिंग में नियमों का नहीं हो रहा पालन, पर सरकार ने सदन में दिया ये जवाब…

एनटीपीसी पर जुर्माना और दिशा-निर्देश

पर्यावरण अधिकारी ने बताया कि एनटीपीसी लारा पर नियमानुसार यह जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि फ्लाई ऐश को तय गंतव्य पर पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। विभाग ने आगे स्पष्ट किया कि इस तरह की गड़बड़ियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और यदि भविष्य में इस तरह की गतिविधियां दोहराई जाती हैं तो और सख्त कार्रवाई की जाएगी।