रायपुर। छत्तीसगढ़ में डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलीजेंस (DGGI) ने छापेमार कार्रवाई थी। DGGI की टीम ने बुधवार को रायपुर, राजनांदगांव, कांकेर और कोंडागांव जिले में छापे मारे थे, जहां आशिकी पान मसाला के करीब 3 करोड़ 75 लाख का माल जब्त किया गया है। DGGI ने छापेमार कार्रवाई में कई अहम दस्तावेज जब्त किए हैं, जिसकी जांच की जा रही है।
मामले में करोड़ों के टैक्स की चोरी और फर्जी बिलिंग से जुड़ी शिकायतों पर DGGI की 16 अफसरों की टीम ने आशिकी पान मसाला की निर्माण फैक्ट्री समेत डिस्ट्रीब्यूटर्स के ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई को अंजाम दिया था। राजनांदगांव स्थित आशिकी पान मसाला के फ्रेंजाइजी नरेश मोटलानी, छत्तीसगढ़ डिस्ट्रीब्यूटर विश्वनाथ काबरा के ठिकानों पर टीम ने दबिश दी थी। इस कार्रवाई में फर्जी बिल, कई अहम दस्तावेजों समेत करीब 3 करोड़ 75 लाख का माल जब्त किया गया है।
आशिकी पान मसाला के फ्रेंचाइजी ओनर नरेश मोटलानी के राजनंदगांव में स्थित निर्माण फैक्ट्री और प्रदेश के डिस्ट्रीब्यूटर विश्वनाथ काबरा के ठिकानों पर DGGI की टीम ने 24 घंटे से ज्यादा समय तक जांच-पड़ताल की है। जानकारी के मुताबिक, DGGI की टीम ने विश्वनाथ काबरा के रायपुर स्थित शहीद स्मारक कॉम्प्लेक्स के दफ्तर और मोवा स्थित कूल होम्स के घर में भी दबिश दी थी। DGGI की टीम ने इस कार्रवाई में तकरीबन 3 करोड़ का माल और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए है।
DGGI रायपुर जोन की टीम ऐसी शिकायतों पर पहले भी छापेमार कार्रवाई को अंजाम दे चुकी है। DGGI का कहना है कि शिकायतें मिलने पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



