टीआरपी डेस्क। बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जिले में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडर के भण्डारण और बिक्री के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर बड़ी संख्या में घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
जिला मुख्यालय में चलाए गए इस जांच अभियान के दौरान, हीरा सेल्स (हीरा किचन) से 2 भरे हुए एवं 3 खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। इसके साथ ही 19 उपभोक्ता गैस कार्ड, 4 सबकिप्सन वाउचर और 20 गैस रेगुलेटर भी बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा, बलौदाबाजार स्थित बम्लेश्वरी गैस एजेंसी पर लगातार उपभोक्ताओं से गैस सिलेंडर की डिलीवरी और उपलब्धता को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जांच में जब बम्लेश्वरी गैस एजेंसी में अनियमितताएं पाई गईं, तो 39 भरे हुए और 1575 खाली घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए गए।
यह कार्रवाई द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत की गई। खाद्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि अब से जिले में इस तरह की अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



