कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कुलगांव के पास बीते देर रात दिल दहला देने वाला हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि, नेशनल हाईवे-30 पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई और कुछ ही सेकंड में कार में भीषण आग लग गई। हादसे में चार युवकों की कार में ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

हादसे की शिकार कार मुरवेंड से कांकेर की ओर जा रही थी। कार में कुल छह युवक सवार थे। पुल के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और जोरदार धमाके के साथ उसमें आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। चार युवक बाहर निकल नहीं पाए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दो घायल किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाने में सफल रहे।
हादसे की सूचना मिलते ही कांकेर यातायात पुलिस, फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी और चारों शव भीतर ही झुलसे हुए हालत में पाए गए।



