पाली। प्रदेश में बिजली की दरों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ कांग्रेस ने चरणबद्ध बिजली न्याय आंदोलन की शुरूआत की है। इसी कड़ी में जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा के तत्वाधान में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल कार्यालय, पाली का घेराव और प्रदर्शन किया गया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण मनोज चौहान ने इस मौके पर कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बिजली बिल हाफ और 24 घंटे बिजली लोगों को सस्ती दर में प्राप्त होती थी, लेकिन वर्तमान सरकार में बिजली विभाग में बिजली की बेतहाशा कटौती हो रही है। कम बिजली आपूर्ति के बावजूद ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलने वाला बिजली बिल भारी भरकम होता है। सरकार ने आम जनता की कमर तोड़ने के लिए बिजली की दरों में भी इजाफा कर दिया है।चौहान ने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार में जनता को राहत देने के लिए घरेलू बिजली बिल हाफ योजना लागू की गई थी और इधर भाजपा सरकार ने बिजली की दर में बढ़ोतरी कर दी है। इससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन बिजली दरों में कमी होने तक जारी रहेगा।

See also  अंबिकापुर में जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नवीन इंजीनियरिंग संस्थान में 12 घंटे चली जांच

इस प्रदर्शन को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यशवंत लाल, अमित भदौरिया, कौशल नेटी, तुषार कांत रॉबिनसन, सत्यनारायण पैकरा ने भी संबोधित किया, कांग्रेस जनों ने कहा कि विष्णु देव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार में सभी मूलभूत जरुरतों की कीमतें बढ़ाई जा रही है। आज कोई भी संतुष्ट और सुखी नहीं है। कर्मचारी हो या आम जनता, व्यापारी सभी दुखी हैं। गांव में बिजली के लिए लोग तरस रहे हैं। बिजली कटौती के बाद तो बिजली बिल कम आना चाहिए, लेकिन मनमाने बिजली बिल से लोगों की कमर रही है। स्मार्ट मीटर के नाम पर आम उपभोक्ताओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस के विभिन्न घटक के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम लोग भी उपस्थित रहे।