सारंगढ़/बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित कर दिया है। मामले में दत्तक पुत्र ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर बुजुर्ग मां की हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला ?

वारदात सरसींवा थाना क्षेत्र के पड़रीपाली गांव की है। मृतका मंझली बाई को उसके गोद लिए बेटे भजनलाल (48 वर्ष) और बहू नोनी बाई (45 वर्ष) ने योजनाबद्ध तरीके से मौत के घाट उतार दिया।

भजनलाल ने पहले फर्जी तरीके से मां की जमीन अपने नाम करवा ली थी। जब मंझली बाई को इसका पता चला तो उन्होंने थाने और कलेक्टर कार्यालय में इसकी शिकायत की थी। इससे नाराज बेटे और बहू ने मंझली बाई से कई बार मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया।

थाने में नहीं हुई कार्रवाई

हत्या से 1-2 दिन पहले ही बुजुर्ग महिला ने थाने में बेटे-बहू की शिकायत की थी। लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस बीच, बेटे ने मां की हत्या की साजिश रची और गांव के दो युवकों को ₹40,000 की सुपारी दे दी।

See also  बिहार सहित देश की 56 विधानसभा सीटों के उपचुनावों के नतीजे कल, मरवाही में खिलेगा कमल या चलेगा भूपेश का जादू कल फैसला

कैसे की गई हत्या ?

16 जुलाई की रात, सुपारी किलर राज कुर्रे (20 वर्ष) और साजन दास (24 वर्ष) ने भजनलाल और नोनी बाई की मौजूदगी में बुजुर्ग महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। अगले दिन बेटे ने इस मौत को सामान्य बताकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमॉर्टम में हुआ खुलासा

ASP निमिषा पांडेय ने बताया कि ग्रामवासियों को 17 जुलाई की सुबह महिला की मौत की खबर मिली। पहले इसे सामान्य मौत माना गया लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गले पर चोट के निशान मिले। इसके बाद पुलिस को हत्या का शक हुआ। पुलिस ने 19 जुलाई को महिला के बेटे को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने मामले में अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतका का बेटा भजनलाल, बहू नोनी बाई, सुपारी किलर राज कुर्रे और उसका एक साथी साजन दास शामिल हैं।चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

See also  One Nation-One Card Scheme: अब इस दिन से राशन मिलेगा ई-पास मशीन से, इस तरह लाभार्थी उठा सकते हैं योजना का लाभ