रायपुर। बुधवार सुबह नया रायपुर में एक बेहद दुखद सड़क हादसा हो गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप के भतीजे निखिल कश्यप (उम्र 22 वर्ष) की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तड़के करीब 4:30 बजे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के अंतर्गत सत्य साईं हॉस्पिटल के पास हुआ।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, निखिल अपने एक दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकला था। रास्ते में बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निखिल को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी जान चली गई। बाइक पर सवार दूसरा युवक भी घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। हादसे के वक्त दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था।

निखिल के परिवार का राजनीतिक पृष्ठभूमि से गहरा नाता है। उसके पिता दिनेश कश्यप पूर्व सांसद रह चुके हैं, जबकि मां वेदवती कश्यप वर्तमान में बस्तर जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं। निखिल दो भाइयों में छोटा था और बड़ा भाई गौरव कश्यप बस्तर जनपद पंचायत का सदस्य है।

See also  छत्तीसगढ़ में सड़ी-गली अवस्था में मिली पुलिस कांस्टेबल की लाश, हत्या की आशंका!, वजह जानने जुटी पुलिस

हादसे की खबर मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं, वन मंत्री केदार कश्यप और रायपुर के एसएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।